चारा घोटाला मामले में लालू प्रसाद को साढ़े तीन साल कैद की सजा
शीर्ष पुलिस अधिकारियों का सम्मेलन मध्यप्रदेश के टेकनपुर में शुरू
देश के शीर्ष पुलिस अधिकारियों का तीन दिन का सम्मेलन आज मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले में बीएसएफ अकादमी टेकनपुर में शुरू हुआ । इस में सभी राज्यों तथा केन्द्रीय पुलिस संगठनों के पुलिस महानिदेशक और महानिरीक्षक स्तर के अधिकारी भाग ले रहे हैं।सम्मेलन का औपचारिक शुभारम्भ आज केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने किया। इस मौके पर केन्द्रीय गृह राज्यमंत्री हंसराज अहीर और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल सहित, प्रमुख सुरक्षा एजेंसियों के शीर्ष अधिकारी भी मौजूद थे।तीन दिनों तक चलने वाली इस कान्फ्रेंस में देश के अंदर आतंकवाद और अन्य अपराधों से निपटने की रणनीति बनेगी, साथ ही देश की सीमा पर सुरक्षा को लेकर विचार-विमर्श होगा|
सरकारी खर्च में कटौती के उपायों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के आरोप में ग्यारह शहज़ादे गिरफ्तार
सउदी अरब में सरकारी खर्च में कटौती के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के आरोप में ग्यारह शहज़ादों को गिरफ्तार किया गया है और उनके खिलाफ मुकदमा चलेगा। प्रदर्शनकारी शाही खजाने से पानी और बिजली बिल का भुगतान फिर शुरू करने की मांग कर रहे थे, जिसे स्थगित कर दिया गया है।
विश्व पुस्तक मेला नई दिल्ली में आज से शुरू
नई दिल्ली के प्रगति मैदान में विश्व पुस्तक मेला आज से शुरू हो गया। इसमें बेल्जियम, केनैडा, चीन, डेनमार्क, मिस्र, फ्रांस, जर्मनी और ब्रिटेन सहित चालीस से अधिक देश भाग ले रहे हैं। पुस्तक मेला 14 जनवरी तक चलेगा।मेले में पैनल चर्चा , वार्ता , कार्यशाला, बच्चों की गतिविधियां, लघु फिल्मों का प्रदर्शन विशेष फोटो प्रदर्शनी, सांस्कृतिक और संगीत कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जा रहा है।
नीति आयोग ने कहा- 2018-19 में देश की सकल घरेलू उत्पाद वृद्धि दर तेज रहने की उम्मीद
नीति आयोग के उपाध्यक्ष राजीव कुमार ने कहा है कि 2018-19 में देश के सकल घरेलू उत्पाद की वृद्धि दर में मजबूती आएगी। केन्द्रीय सांख्यिकी कार्यालय से कल जारी 2017-18 के वृद्धि अनुमानों पर उन्होंने कहा कि 2017-18 में बाद के छह महीनों में सकल घरेलू उत्पाद की वृद्धि दर सात प्रतिशत रही है, जबकि कुल वार्षिक वृद्धि दर साढ़े छह प्रतिशत है।
