गुजरात उच्च न्यायालय ने गोधरा रेल अग्निकांड के ग्यारह दोषियों की सजा ए मौत को आजीवन कारावास में बदला।
उच्चतम न्यायालय ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में पटाखों की बिक्री पर 31 अक्तूबर तक प्रतिबंध लगाया।
उच्चतम न्यायालय ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में पटाखों की बिक्री पर रोक लगाने का पिछले वर्ष नवंबर का आदेश 31 अक्तूबर तक बढ़ा दिया है। न्यायधीश न्यायमूर्ति ए.के.सीकरी की अध्यक्षता वाली पीठ ने कहा कि पटाखों की बिक्री पर रोक हटाने का न्यायालय का 12 सितंबर का आदेश पहली नवंबर से लागू होगा। 19 अक्तूबर को दीवाली होने के कारण इस आदेश का यही अर्थ है कि त्यौहार से पहले पटाखों की बिक्री नहीं हो सकेगी। सर्वोच्च न्यायालय ने 2016 के आदेश के ज़रिए राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में पटाखों की थोक और खुदरा बिक्री के सभी लाइसेंस रद्द कर दिए थे।
शिकागो विश्वविद्यालय के रिचर्ड थेलर को व्यावहारिक अर्थशास्त्र के लिए इस वर्ष का नोबेल पुरस्कार।
शिकागो विश्वविद्यालय के रिचर्ड थेलर को इकोनॉमिक्स के लिए इस साल का नोबेल पुरस्कार दिया गया है. उन्हें यह पुरस्कार व्यावहारिक अर्थशास्त्र पर उनके काम के लिए दिया गया. थेलर ने अपने काम के जरिए यह दिखाया कि आर्थिक और वित्तीय फैसले करने वाले हमेशा तार्किक नहीं होते बल्कि वे बहुत हद तक मानवीय हदों में बंधे होते हैं. जहां तक व्यावहारिक अर्थशास्त्र का सवाल है तो यह व्यक्ति और संस्थानों की आर्थिक निर्णय प्रक्रिया से जुड़ा है, यानी यह बताता है कि ये फैसले कैसे किए जाते हैं. दरअसल थेलर ने अपने काम और अध्ययन के जरिये अर्थशास्त्र और मनोविज्ञान के बीच की खाई को पाटने की कोशिश की.
पुरस्कार की घोषणा करने वाली समिति ने कहा कि थेलर को \.अर्थशास्त्र के मनोविज्ञान\. पर अध्ययन के लिए 90 लाख क्रोनोर (11 लाख डॉलर) की राशि पुरस्कार के तौर पर दी जाएगी. पहली बार अर्थशास्त्र में नोबेल पुरस्कार वर्ष 1969 में दिया गया.
भारत-लिथुआनिया में कई अहम समझौतों पर हस्ताक्षर
बाल्टिक क्षेत्र में अपनी पैठ और पहुंच मजबूत बनाने की पहल के तहत भारत ने लिथुआनिया के साथ वायु सेवा से जुड़े समझौते को सुदृढ़ बनाने और प्रत्यर्पण संधि एवं प्रोटोकाल पर हस्ताक्षर किया। पिछले सप्ताह ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केन्द्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में भारत और लिथुआनिया के बीच प्रत्यर्पण संधि पर हस्ताक्षर और इसकी पुष्टि को अपनी मंजूरी प्रदान की गई थी। इस समझौते पर विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और भारत की यात्रा पर आये लिथुआनिया के विदेश मंत्री लिनास लिंकेविसियस ने हस्ताक्षर किया।
लिथुआनिया के साथ भारत के संबंध काफी घनिष्ठ और मधुर हैं जो मजबूत सांस्कृतिक रिश्तों पर आधारित हैं। यूएसएसआर से अलग होने के बाद भारत से तत्काल उसे मान्यता मिली थी। लिथुआनिया और भारत के राजनयिक संबंध 25 फरवरी 1992 को स्थापित हुए थे। लिथुआनिया ने जुलाई 2008 में नयी दिल्ली में अपना दूतावास खोला था।भारत की ओर से लिथुआनिया को जिन वस्तुओं का निर्यात किया जाता है उनमें मुख्य रूप से सब्जियों से जुड़े उत्पाद, मछली, मांस, फुटवियर, काफी, चाय, लौह मिस्र धातु, दरी, चावल आदि शामिल है।
अर्जेंटीना में विश्व तीरंदाजी युवा चैम्नियनशिप में भारतीय जोड़ी ने टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता।
भारत ने अर्जेंटीना के रोसारियो में विश्व तीरंदाजी युवा चैम्नियनशिप में तीन पदक जीत लिये हैं। इनमें से एक स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक शामिल है। मिक्स्ड मुकाबले में नौंवीं वरीयता प्राप्त जैम्सन निंगथाऊजम और अंकिता भकत की जोड़ी ने रूस के तीरंदाजों को 6-2 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। वहीं, पुरूषों के फाइनल में कोरिया के तीरंदाजों से हारने के कारण निंगथाऊजम, शुकमणि गजानन बाबरेकर और अतुल वर्मा को रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
रूस में वर्ल्ड ओपन अंडर-16 स्नूकर चैम्पियनशिप में भारत की अनुपमा रामचन्द्रन ने अपने ही देश की कीर्तना पांडियन को हराकर खिताब जीता।
भारत की अनुपमा रामचंद्रन ने रूस के सेंट पीटर्सबर्ग में विश्व ओपन अंडर 16 स्नूकर चैंपियनशिप का खिताब जीत लिया है। लड़कियों के वर्ग में अनुपमा ने भारत की ही कीर्तना पांडियन को पराजित किया। लड़कों के वर्ग का खिताब वेल्स के डिलन एमरी ने जीता।
