प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 37 अरब रुपए की अनेक परियोजनाओं की आधारशिला रखी।
देश के शीर्ष 20 विश्वविद्यालयों को विश्वस्तरीय बनाया जाएगा: मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के एक भी विश्वविद्यालय के विश्व के शीर्ष 500 विश्वविद्यालयों में नहीं होने पर अफसोस जताते हुए कहा कि उनकी सरकार थर्ड पार्टी द्वारा चयनित देश के शीर्ष 20 विश्वविद्यालयों को सरकारी बंधनों से स्वतंत्र करते हुए विश्व स्तरीय बनाने के लिए उन्हें अगले पांच साल के दौरान 10 हजार करोड़ रूपये की आर्थिक सहायता देगी।
केंद्र अगले दस वर्षों में राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत देश के सभी जिलों में पचास बिस्तर वाले अस्पताल खोलेगा।
केंद्र, अगले दस वर्षों में राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत देश के सभी जिलों में पचास बिस्तरों वाले अस्पताल खोलेगा। आयुष मंत्री श्रीपद यशो नाइक ने आज नई दिल्ली में मीडिया को दूसरे राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस से संबंधित जानकारी देते हुए यह बात कही। यह दिवस इस महीने की 17 तारीख को धनवंतरी जयंती के अवसर पर मनाया जाएगा। श्री नाईक ने कहा कि आयुर्वेद दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नई दिल्ली के सरिता विहार में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान का उद्घाटन करेंगे।इसकी कुल लागत एक सौ 57 करोड़ रुपये है। दस एकड़ में फैले इसके परिसर में अस्पताल और शैक्षणिक ब्लॉक बनाएं गए हैं और इसमें दो सौ बिस्तरों की सुविधा है।
इंडसइंड बैंक ने किया भारत फाइनेंशियल के अधिग्रहण का एलान
निजी क्षेत्र के इंडसइंड बैंक ने कहा कि वह देश की दूसरी सबसे बड़े सूक्ष्म ऋण देने वाली कंपनी भारत फाइनेंशियल इंक्लूजन लिमिटेड (बीएफआईएल) का अधिग्रहण करेगा। इससे बैंक का आकार और उसकी पहुंच बढ़ेगी। यह देश में किसी सूक्ष्म ऋण प्रदाता कंपनी का किसी बैंक में विलय का पहला मामला होगा साथ ही यह भविष्य में इस तरह के सौदों के लिए मिसाल का काम करेगा।
बीएफआईएल को इससे पहले एसकेएस माइक्रोफाइनेंस के नाम से जाना जाता रहा है। बैंक ने शेयर बाजारों को भेजी सूचना में कहा है कि उसके निदेशक मंडल ने बैठक में भारत फाइनेंशियल और इंडस्इंड बैंक के लिए एक संयुक्त व्यवस्था योजना को स्वीकृत किया है। बैंक की एक पूर्ण स्वामित्व वाली इकाई इस अधिग्रहण के लिए बनाई जाएगी। इस योजना को अभी रिजर्व बैंक, भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग, सेबी एवं अन्य नियामकों की मंजूरी मिलनी शेष है।
राजस्थान विधानसभा बनी पहली ऑनलाइन प्रस्ताव लेने वाली विधानसभा
राजस्थान विधानसभा विधायकों से प्रस्ताव ऑनलाइन लेने वाली, देश की पहली विधानसभा बन गयी है। विधानसभा सचिव पृथ्वीराज ने बताया कि 14वीं विधानसभा के नौवें सत्र से विधायकों से राजस्थान विधानसभा के, प्रक्रिया एवं कार्य संचालन संबंधी नियमावली के नियम 131 के अन्तर्गत ध्यानाकर्षण प्रस्ताव, नियम 50 के अन्तर्गत कार्य स्थगन प्रस्ताव ऑनलाइन लिये जायेंगे। विधानसभा अध्यक्ष कैलाश मेघवाल ने अपने कक्ष में विधानसभा की प्रक्रिया तथा कार्य संचालन संबंधी नियमों के अन्तर्गत विधायकों से प्राप्त ध्यानाकर्षण प्रस्तावों को राज्य सरकार को ऑनलाइन भिजवाये जाने की शुरूआत लैपटॉप का बटन दबाकर की।
नियम 295 के अन्तर्गत विशेष उल्लेख की सूचनाएं एवं नियम 119 एवं 127 के अन्तर्गत अविलम्बनीय लोक महत्व के विषयों संबंधी प्रस्तावों को ऑनलाइन विधानसभा में भेजे जाने तथा संबंधित विभाग को भेजने एवं उनकी तथ्यात्मक सूचना राज्य सरकार से प्राप्त करने की प्रक्रिया को राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केन्द्र (एन आई सी ) के सहयोग से ऑनलाइन करने की प्रक्रिया में राजस्थान विधानसभा देश की ऐसी पहली विधानसभा बन गई है।
नया भारतीय मानक ब्यूरो अधिनियम 12 अक्टूबर से लागू
22 मार्च, 2016 को अधिसूचित नया भारतीय मानक ब्यूरो अधिनियम, 2016 इस वर्ष 12 अक्टूबर से लागू किया गया है। उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय की आज जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि इस अधिनियम को भारत के राष्ट्रीय मानक निकाय के रूप में माना जाएगा। इससे सरकार को अनिवार्य प्रमाणीकरण व्यवस्था के तहत किसी भी उद्योग, प्रक्रिया, व्यवस्था या सेवा के किसी भी सामान या लेख को सार्वजनिक करने अथवा मानव, पशु या पौधों की संरक्षा या राष्ट्रीय सुरक्षा के संरक्षण में मदद मिलेगी। इसका उपयोग बहुमूल्य धातु के सामानों के हॉलमार्किंग को भी किया गया है।
न्यूजीलैण्ड के खिलाफ तीन मैचों की एक दिवसीय क्रिकेट श्रृंखला के लिए भारतीय टीम की घोषणा।
न्यूजीलैंड के साथ तीन मैचों की एक दिवसीय श्रृंखला के लिये 15 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा कर दी गई है | दिनेश कार्तिक और तेज गेंदबाज शार्दुल ठाकुर को टीम में लिया गया है, जबकि तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी और उमेश यादव, सलामी बल्लेबाज लोकेश राहुल तथा स्पिनर रविंद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन को टीम में जगह नहीं मिली है। टीम इस प्रकार है:- विराट कोहली कप्तान, रोहित शर्मा उप कप्तान, शिखर धवन, अजिंक्य रहाणे, मनीष पांडे, केदार जाधव, महेंद्र सिंह धोनी-विकेटकीपर, हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, जसप्रीत बुमरा, भुवनेश्वर कुमार।
