प्रधानमंत्री ने नई दिल्ली में देश के पहले अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान का उद्घाटन किया।
अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान की स्थापना एम्स की तर्ज पर की गई है। 200 बिस्तरों वाले इस अस्पताल में मधुमेह, स्नायु रोग और एलर्जी के इलाज के साथ ही योग, पंचकर्म आदि से इलाज की व्यवस्था भी है।अस्पताल में पैथोलोजी, जैव रसायन, सूक्ष्म जीव विज्ञान और रेडियोलोजी की सुविधाएं भी उपलब्ध है।
सोने की गोल्ड ऑप्शन ट्रेडिंग की विधिवत शुरूआत
वित्त मंत्री अरुण जेटली ने प्रमुख जिंस बाजार एमसीएक्स में आज नई दिल्ली में सोने की गोल्ड ऑप्शन ट्रेडिंग की विधिवत शुरूआत की।ऑप्शन के माध्यम से किसी विशेष मूल्य पर और किसी निर्धारित तिथि से पहले कोई सम्पत्ति या दस्तावेज खरीदने वाले को अधिकार तो मिल जाते है, लेकिन उससे जुड़े दायित्व उस पर नहीं आते।
श्री जेटली ने कहा कि भारतीय सोने की काफी खरीदारी करते है और गोल्ड ऑप्शन ट्रेडिंग बेहद कामयाब रहेगी। उन्होंने कहा कि सरकार सोने के कारोबार को औपचारिक रूप देने के प्रयास कर रही है। 14 वर्ष पहले शुरू हुई ऑप्शन ट्रेडिंग को सेबी ने सबसे पहले सोने के कारोबार में लागू करने की अनुमति दी है।गोल्ड ऑप्शन ट्रेडिंग में एक किलोग्राम तक सोने के कारोबार की अनुमति है
यूरोपीय संघ ने उत्तर कोरिया पर परमाणु और बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम को लेकर नये प्रतिबंध लगाए।
यूरोपीय संघ ने उत्तर कोरिया के परमाणु और बैलेस्टिक मिसाइल कार्यक्रम को लेकर उसपर नये प्रतिबंध लगाये हैं। लग्जमबर्ग में यूरोपीय संघ के सदस्य देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में उत्तर कोरिया में निवेश तथा तेल निर्यात करने पर रोक लगाने सहित कई प्रतिबंध लगाये गये। यूरोपीय संघ के देशों में उत्तर कोरिया के कामगारों द्वारा पैसा स्वदेश भेजे जाने पर भी रोक लगाई जा रही है। आशंका है कि उनके पैसे का इस्तेमाल हथियार कार्यक्रम के लिए किया जा सकता है।
भारतीय शांति सैनिकों को संयुक्त राष्ट्र पदक से सम्मानित किया गया
पचास भारतीय शांति सैनिकों को युद्धग्रस्त दक्षिण सूडान में नागरिकों की सुरक्षा और शांति स्थापित करने में योगदान के लिए संयुक्त राष्ट्र पदक से सम्मानित किया गया है। दक्षिण सूडान में संयुक्त राष्ट्र मिशन के सेना कमांडर जनरल फ्रैंक मुश्यो कमान्ज़ी ने जोंगलेई प्रांत के बोर में तैनात भारतीय बटालियन के इन सैनिकों को पुरस्कार दिए और उनके योगदान की सराहना की।
अयोध्या में भगवान राम की मूर्ति के लिये शिया वक्फ बोर्ड देगा चांदी के 10 तीर
अयोध्या में भगवान राम की प्रतिमा के निर्माण को गर्व का विषय बताते हुए उत्तर प्रदेश शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड ने कहा है कि मूर्ति में लगे तरकश में रखने के लिए चांदी के 10 तीर भेंट किये जायेंगे। बोर्ड के अध्यक्ष वसीम रिजवी ने कहा कि भगवान राम की प्रतिमा स्थापित करने का उत्तर प्रदेश सरकार का निर्णय सराहनीय है। उन्होंने कहा कि अवध की गंगा-जमुनी संस्कृति को ध्यान में रखते हुए चांदी के दस तीर उस सम्मान का प्रतीक होंगे जो शिया भगवान राम को देते हैं।
मध्य अयोध्या की हनुमान गढ़ी की जमीन नवाब शुजाउद्दौला ने 1739 में दान में दी थी। हनुमान गढ़ी मंदिर बनाने हेतु धन नवाब आसिफुद्दौला ने 1775 से 1793 के बीच उपलब्ध कराया था।
उच्चतम न्यायालय में राम जन्मभूमि मामले में विचाराधीन याचिका में शिया वक्फ बोर्ड भी एक पार्टी है। शिया वक्फ बोर्ड ने न्यायालय में एक हलफनामा दायर किया है जिसमें कहा गया है कि अयोध्या में विवादित जगह पर राम मंदिर का निर्माण किया जाना चाहिए। बोर्ड के मुताबिक, मस्जिद का निर्माण पास के मुस्लिम बाहुल्य इलाके में होना चाहिए।शिया वक्फ बोर्ड के इस राय से सुन्नी वक्फ बोर्ड सहमत नहीं है।
