विमानवाहक पोतों के लिये भारत को ईएमएएलएस तकनीक देगा अमेरिका
अमरीकी लेखक जॉर्ज सैंडर्स अपने उपन्यास लिंकन इन द बार्डो के लिए 2017 के मैन बुकर पुरस्कार के लिए चुने गए
अमरीकी लेखक जॉर्ज सैंडर्स को 2017 के मैन बुकर पुरस्कार से सम्मानित किया जायेगा। यह पुरस्कार पाने वाले वे दूसरे अमरीकी लेखक हैं। उन्हें अपने पहले बृहत् उपन्यास लिंकन इन द बार्डो के लिए पुरस्कार दिया जा रहा है। इसकी घोषणा कल लंदन में एक समारोह में की गई। इस उपन्यास में अब्राहिम लिंकन के ग्यारह वर्षीय बेटे विले की मौत की घटना का सैकड़ों लोगों के साक्ष्य के आधार पर वर्णन किया गया है।
पाकिस्तान, अफगानिस्तान नेपाल समेत 15 राष्ट्र यूएनएचआरसी के लिए चुने गए
पाकिस्तान, अफगानिस्तान, नेपाल और 12 अन्य देश संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद (यूएनएचआरसी ) के लिए निर्वाचित हुए हैं। संयुक्त राष्ट्र की इस मानवाधिकार शाखा के लिए चुने गये अन्य देश अंगोला, आस्ट्रेलिया, चिली, कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य, मेक्सिको, नाईजीरिया, पेरु, कतर, सेनेगल, स्लोवाकिया, स्पेन और यूक्रेन हैं। संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा यह मानवाधिकार परिषद का चुनाव पहला ऐसा चुनाव है जो नये मतपत्र के मार्फत हुआ।
भाजपा ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए सभी 68 सीटों के उम्मीदवारों की सूची जारी की
भारतीय जनता पार्टी ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में सभी 68 सीटों के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। पार्टी की राज्य इकाई के प्रमुख सतपाल सत्ती ऊना से और पूर्व मंत्री गुलाब सिंह ठाकुर जोगिन्दर नगर से पार्टी के उम्मीदवार होंगे। पूर्व मंत्री सुश्री सरविन चौधरी शाहपुर से चुनाव लड़ेंगी। हाल में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए। पूर्व मंत्री अनिल शर्मा को मंडी से टिकट दिया गया है। सूची में छह महिलाओं को स्थान मिला है। जिनमें भाजपा महिला मोर्चा की राज्य अध्यक्ष इंदु गोस्वामी भी शामिल हैं।
मेक-इन-गुजरात कार्यक्रम के तहत दस हजार चार सौ करोड़ रुपये के निवेश के तीन समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए
गुजरात सरकार ने मेक-इन-गुजरात कार्यक्रम के तहत दस हजार चार सौ करोड़ रुपये के निवेश के तीन समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए हैं। ये समझौते मुख्यमंत्री विजय रूपानी की उपस्थिति में किए गए। इससे राज्य के 21 हजार से ज्यादा युवाओं को रोजगार मिलेगा। प्रमुख रसायन कंपनी यूनाइटेड फासफोरस लिमिटेड ने दाहेज रासायनिक बंदरगाह के समीप छह हजार करोड़ रुपये निवेश की परियोजना के समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। इस परियोजना से दस हजार से ज्यादा युवाओं को कौशल विकास और रोजगार की सुविधा मिलेगी।
गुजरात के औद्योगिक और खनन विभाग ने भी ग्रासिम इंडस्ट्रीज लिमिटेड के साथ चार हजार एक सौ करोड़ रुपये के समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसके तहत राज्य औद्योगिक विकास निगम भरूच जिले में खराच-कोसाम्बा में जमीन उपलब्ध् करायेगा। कंपनी की दोनों यूनिटों में करीब तेरह सौ लोगों को रोजगार मिल सकेगा।
ओड़िसा सरकार ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के मासिक पारिश्रमिक में 50 प्रतिशत की वृद्धि की
आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को अब चार हजार रूपये की जगह छह हजार रूपये प्रति माह मिलेंगे। मिनी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का मासिक वेतन भी दो हजार 750 रूपये से बढ़ाकर चार हजार 125 रूपये कर दिया गया है। आंगनवाड़ी सहायकों को अब दो हजार रूपये की जगह तीन हजार रूपये प्रति माह मिलेगा।
घाना फीफा अंडर-17 के क्वार्टर फाइनल में पहुंचा।
सातवें प्री क्वार्टरफाइनल मुकाबले में फेवरेट घाना की टीम ने उम्मीदों के अनुरूप प्रदर्शन करते हुए नाइजर को दो-शून्य से पराजित किया।मुम्बई में घाना ने नाइजर को हराकर क्वार्टरफाइनल में जगह बनाई।इस जीत से अंतिम आठ में जगह बनाने में कामयाब रहे वर्ष 1991 और 1995 में चैंपियन घाना को अब सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए माली की चुनौती से जूझना होगा।
एशिया कप हॉकी में भारत और दक्षिण कोरिया का मैच एक-एक से बराबरी पर।
ढाका में एशिया कप हॉकी के सुपर फोर में आज भारत और दक्षिण कोरिया का मुकाबला एक-एक गोल की बराबरी पर समाप्त हुआ। ली जुंगजुन ने गोल कर कोरियाई टीम को बढ़त दिलाई। लेकिन मैच के अंतिम मिनट में गुरजंत सिंह ने गोल कर भारत को बराबरी पर ला दिया।
