भारत ने आज अपना 71वां स्वतंत्रता दिवस मनाया
राष्ट्र आज अपना 71वां स्वतंत्रता दिवस मनाया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लालकिले की प्राचीर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। प्रधानमंत्री ने कहा कि नया संकल्प न्यू इंडिया का आधार है। हमारी सामुहिक संकल्प शक्ति, हमारा सामुहिक पुरूषार्थ, हमारी सामुहिक प्रतिबद्धता, उन महान देश भक्तों को याद करते हुए परिश्रम की परकाष्ठा दो हजार बाइस में आजादी के दीवानों के सपनों के अनुरूप भारत बनाने के लिए काम आ सकती है और इसलिए न्यू इंडिया का एक संकल्प लेकर के हमें देश को आगे बढ़ाना है। प्रधानमंत्री ने स्वच्छता अभियान, जीएसटी, गरीबी उन्मूलन जैसे अभियानों में देश के सभी राज्यों से केंद्र के साथ सभी अभियानों में कंधे से कंधा मिलाकर चलने पर भी बल दिया।
जानबूझकर कर्ज नहीं चुकाने वालों पर बैंकों का 92000 करोड़ बकाया
जानबूझकर कर्ज नहीं चुकाने वालों कर्जदारों (विलफुल डिफाल्टरों) पर उनके बकाया कर्ज में 20 प्रतिशत की वृद्धि हुई है और यह इस साल मार्च के आखिर में कुल मिलाकर बढ़कर 92000 करोड़ रुपये से अधिक हो गया। ऐसे कर्जदारों का बकाया रिण वित्त वर्ष 2016-17 के आखिर में बढ़कर 92,376 करोड़ रुपये हो गया जो कि 20.4 प्रतिशत की सालाना बढ़ोतरी दिखाता है। यह कर्ज मार्च 2016 के आखिर में 76,685 करोड़ रुपये था।
इसके साथ ही सालाना आधार पर ऐसे कर्जदारों की संख्या में लगभग 10 प्रतिशत बढोतरी दर्ज की गई। वित्त मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार जानबूझकर कर्ज नहीं चुकाने वालों की संख्या मार्च के आखिर में 8,915 हो गई जो कि पूर्व वित्त वर्ष में 8167 रही थी। बैंकों ने जानबूझकर कर्ज नहीं चुकाने के 8915 मामलों में से 32,484 करोड़ रुपये के बकाया कर्ज वाले 1914 मामलों में प्राथमिकी एफआईआर दर्ज करवाई है। वित्त वर्ष 2016-17 में एसबीआई व इसके पांच सहयोगी बैंकों सहित 27 सार्वजनिक बैंकों ने 81,683 करोड़ रूपये को बट्टे खाते में डाला। यह बीते पांच साल में सबसे बड़ी राशि है। पूर्व वित्त वर्ष की तुलना में यह राशि 41 प्रतिशत अधिक है।
बड़े वित्तीय लेनदेन कर आयकर से बचने वालों की पहचान आसान
सरकार ने ऐसे व्यक्तियों की पहचान करने के लिए नॉन फाइलर निगरानी प्रणाली लागू कर दी है जिन्होंने बड़े वित्तीय लेन देन तो किए हैं लेकिन आयकर विवरणी नहीं भरी है। वित्त मंत्री अरुण जेटली ने बताया कि नॉन फाइलर निगरानी प्रणाली वित्तीय लेन देन का विवरण (एसएफटी), स्रोत पर कर कटौती (टीडीएस) तथा स्रोत पर कर संग्रहण (टीडीएस) विवरण, खुफिया सूचना तथा आपराधिक जांच (आईएंडसीआई) डाटा आदि सहित घरेलू सूचना के साथ-साथ तीसरे पक्ष से प्राप्त लेन देन संबंधी डाटा शामिल कर उनका विश्लेषण करती है।
दो लाख रूपये से अधिक के सभी लेन देन के लिए तथा संपत्ति, शेयरों, बॉन्ड, बीमा, विदेश यात्रा, डीमैट खाता आदि के बारे में लेन देन के लिए पैन का उल्लेख करना अनिवार्य कर दिया गया है। विभिन्न एनएमएस चक्रों में पता लगाए गए संभावित कर देनदारियों के साथ नॉन फाइलरों की संख्या वर्ष 2013 में 12.19 लाख, वर्ष 2014 में 22.09 लाख, वर्ष 2015 में 44.07 लाख, वर्ष 2016 में 58.95 लाख और वर्ष 2016 में 67.54 लाख थी।
सशस्त्र बलों के लिए 112 वीरता पुरस्कारों की घोषणा।
71वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति ने सशस्त्र सेनाओं और अर्धसैनिक बलों के लिए 112 वीरता पुरस्कारों को मंजूरी दे दी हैं। इनमें पांच कीर्ति चक्र, 17 शौर्य चक्र, 85 सेना पदक, तीन नौ-सेना पदक और दो वायु सेना पदक शामिल हैं। 990 कर्मियों को पुलिस पदक प्रदान किए गये हैं।
एम्बी वैली की नीलामी प्रक्रिया शुरू, 37,000 करोड़ मूल्य निर्धारित
समस्या में घिरे सहारा समूह की एम्बी वैली रिजार्ट शहर की नीलामी प्रक्रिया आज शुरू हुई। इसके लिये आरक्षित मूल्य 37,392 करोड़ रुपये रखा गया है। उच्चतम न्यायालय के आदेश के तहत यह नीलामी हो रही है। बंबई उच्च न्यायालय के अधिकारिक परिसमापक ने नीलामी नोटिस आज प्रकाशित किया। इसमें मुंबई और पुणे के बीच लोनावला के समीप 6,761.6 एकड़ क्षेत्र में फैली एकीकृत हिल सिटी टाउनशिप के लिये संभावित बोलीदाताओं को आमंत्रित किया गया है।न्यायाधीश के अनुसार अगर 1,500 करोड़ रुपये जमा करा दिया जाता है तो नीलामी आदेश वापस ले लिया जाएगा। नीलामी प्रक्रिया 14 अगस्त को नोटिस प्रकाशित होने के साथ शुरू होगी और 16 सितंबर तक चलेगी।
भारतीय पुरुष हाकी टीम ने नीदरलैंड को 2-1 से हराया, श्रृंखला जीती
गुरजांत सिंह और मनदीप सिंह के गोलों की बदौलत भारतीय पुरुष हाकी टीम ने यहां रोमांचक मुकाबले में दुनिया की चौथे नंबर की टीम नीदरलैंड को 2-1 से हरा दिया। मनप्रीत सिंह की अगुआई वाली टीम में भारत ने सोमवार को नौ जूनियर खिलाड़ियों को मौका दिया लेकिन इसके बावजूद नीदरलैंड की अनुभवी टीम को गुरजांत (चौथे मिनट) और मनदीप (51 मिनट) के गोल की बदौलत हराने में सफल रही।भारत ने इस तरह तीन मैचों की श्रृंखला भी जीत ली।
