दूरसंचार नियामक ट्राई ने कॉल ड्रॉप पर जुर्माना बढ़ाकर पांच लाख रूपये किया।
दूरसंचार नियामक प्राधिकरण ट्राई ने नियम कड़े करते हुए कॉलड्रॉप सहित घटिया मोबाइल सेवा देने वाले दूरसंचार ऑपरेटरों पर जुर्माना बढ़ाकर पांच लाख रूपये कर दिया है। ट्राई अब दूरसंचार कम्पनियों के एरिया कार्यालय के बजाय दूरसंचार टॉवरों के प्रदर्शन पर संकलित डाटा के आधार पर कॉलड्रॉप की जानकारी भी लेगा।
यह जुर्माना ऑपरेटर द्वारा दो तिमाही में सर्विस की गुणवत्ता के लिए निर्धारित मानदंड पूरे न करने पर लगाया जायेगा। दो तिमाही से ज्यादा नियमों का उल्लंघन करने पर जुर्माने की राशि दस लाख रूपये तक कर दी जाएगी। ट्राई के गुणवत्ता संबंधी मानकों में कॉलड्रॉप, मोबाइल टॉवर की उपलब्धता, कॉल जुड़ने में लगने वाला समय और आवाज की गुणवत्ता शामिल है।
इंफोसिस के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO)विशाल सिक्का ने इस्तीफा दिया
देश की दूसरी सबसे बड़ी सॉफ्टवेयर निर्यात कम्पनी इंफोसिस के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी विशाल सिक्का ने इस्तीफा दे दिया है। कम्पनी के मुख्य संचालन अधिकारी यू बी प्रवीण राव को अंतरिम प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी बनाया गया है। श्री सिक्का, कम्पनी के कार्यकारी उपाध्यक्ष बने रहेंगे।
सोहेल महमूद भारत में पाकिस्तान के उच्चायुक्त नियुक्त
सोहेल महमूद ने नई दिल्ली में भारत में पाकिस्तान के उच्चायुक्त का प्रभार संभाला है.1985 में विदेश सेवा में शामिल होने वाले महमूद को पहले तुर्की में राजदूत के तौर पर नियुक्त किया गया था. उन्हें उनकी समयपूर्व सेवानिवृत्ति के बाद अब्दुल बासित का स्थान गया था.
अमरीकी राष्ट्रपति चुनाव में डॉनल्ड ट्रम्प की जीत में प्रमुख भूमिका निभाने वाले स्टीव बैनन ने पद छोड़ा।
अमरीका के राष्ट्रपति डॉनाल्ड ट्रम्प के मुख्य रणनीतिकार स्टीव बैनन ने पद छोड़ दिया है। अमरीकी राष्ट्रपति कार्यालय व्हाइट हाउस की प्रवक्ता सारा हकबी सैन्डर्स ने ट्रम्प प्रशासन से उनके अलग होने की पुष्टि की है। स्टीव बैनन ने पिछले वर्ष राष्ट्रपति चुनाव में डॉनाल्ड ट्रम्प की विजय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
श्रीलंका में रियर एडमिरल त्रावीस सिनाही को नौसेना प्रमुख बनाया गया
श्रीलंका के राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरिसेना ने देश में सौहार्द बढ़ाने के प्रयासों के तहत देश का नौसेना प्रमुख तमिल समुदाय से नियुक्त किया है। रियर एडमिरल त्रावीस सिनाही Travis Sinniah को नौसेना प्रमुख बनाया गया है। राष्ट्रपति ने अपने ट्वीट संदेश में कहा है कि नये नौसेना कमान्डर कई दशकों से श्रीलंका की नौसेना में निष्ठापूर्वक सेवा कर रहे हैं।
क्रिकेट में-आई.सी.सी. वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में विराट कोहली शीर्ष पर
विराट कोहली दुबई में आज जारी आई.सी.सी. की ताजा एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट रैकिंग में बल्लेबाजों की सूची में शीर्ष पर बने हुए हैं। टीम रैंकिंग में भारत अभी तीसरे नम्बर पर हैं।
