नीतीश कुमार के नेतृत्व वाले जनता दल यूनाइटेड का भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले एनडीए में शामिल होने का फैसला।
नीतीश कुमार के नेतृत्व वाले जनता दल युनाइटेड ने आज केंद्र में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले एन डी ए में शामिल होने का फैसला किया है। यह निर्णय पार्टी अध्यक्ष नितीश कुमार की अध्यक्षता में पटना में राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में लिया गया। इसमें कहा गया कि भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह ने नितीश कुमार को एन डी ए में शामिल होने का प्रस्ताव दिया। जनता दल युनाइटेड चार वर्ष बाद एन डी ए का हिस्सा बना है।
सरकार ने सेना के चिकित्सा अधिकारियों और विशेषज्ञों के वेतनमानों में बढ़ोतरी को मंजूरी दी।
सरकार ने सेना के चिकित्सा अधिकारी और विशेषज्ञों के वेतनमानों में बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। चिकित्सा और दंत विशेषज्ञ अधिकारियों को 75 हजार रूपये प्रतिमाह मिलेंगे। 16 अगस्त से तत्काल प्रभाव से एक्स सर्विस मैन कंट्रीब्यूट्री हेल्थ स्कीम- ई सी एच एस में कार्यरत सभी विशेषज्ञों को पहले वर्ष में 87 हजार पांच सौ रूपये प्रतिमाह मिलेंगे। यह राशि दूसरे वर्ष में एक लाख रूपये प्रतिमाह हो जाएगी। सेना का ये भी कहना है कि ई सी एच एस बुजुर्गों और उनके आश्रितों के प्रति समपर्ण भाव से कार्य करने वाले डॉक्टरों को शामिल करना चाहती है।
स्मृति ईरानी ने आज जमशेदपुर में 70 नई कंपनियों की आधारशिला रखने के समारोह का उद्घाटन किया
केन्द्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी ने आज जमशेदपुर में 70 नई कंपनियों की आधारशिला रखने के समारोह का उद्घाटन किया। झारखंड सरकार की मोमेंटम झारखंड पहल के तहत ये कंपनियां बनाई जा रही हैं। इसका उद्देश्य राज्य में व्यापार आसान बनाना है। इस समारोह का नाम सेकेंड ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी रखा गया है।
द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए पैरा स्पोटर्स प्रशिक्षक सत्यनारायण का नाम सूची से बाहर
खेल मंत्रालय ने इस वर्ष के द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए पैरा स्पोटर्स प्रशिक्षक सत्यनारायण का नाम सूची से बाहर कर दिया है क्योंकि उनके खिलाफ एक आपराधिक मामला लंबित है। खेल मंत्रालय के एक अधिकारी ने नई दिल्ली में बताया कि सत्यनारायण का नाम सूची से हटा दिया गया है। वे मरियप्पाना थंगवेलु के प्रशिक्षक थे। मरियप्पाना ने रियो पैरा ओलम्पिक खेलों में स्वर्ण पदक जीता था और उनके नाम की सिफारिश इस वर्ष के अर्जुन पुरस्कार के लिए की गई थी।
दूर-संचार विनियामकों की बैठक नई दिल्ली में
एशिया प्रशांत क्षेत्र के 23 देशों के दूर-संचार विनियामकों की बैठक सोमवार को नई दिल्ली में होगी। इसमें डिजिटल इकोसिस्टम और क्षेत्रीय रोमिंग के अलावा अन्य मुद्दों से संबंधित नियम बनाने की चुनौतियों पर चर्चा की जाएगी।
आज विश्व फोटोग्राफी दिवस है
आज विश्व फोटोग्राफी दिवस है। इस उपलक्ष्य में देशभर में अनेक प्रदर्शनियों का आयोजन किया गया है। इस दिवस को मनाने का उद्देश्य दुनियाभर के फोटोग्राफर्स का उत्साहवर्धन करना है।19 अगस्त, 2010 में पहला विश्व फोटो दिवस ऑनलाइन आयोजित किया गया था। इसमें सौ से अधिक देशों के लोगों ने वेबसाइट को देखा और करीब दो सौ 70 फोटोग्राफर्स से अपनी खीचीं गई तस्वीरों को साझा किया।
