भारत की एक्ट ईस्ट नीति के तहत जल्द ही एशियाई त्रिपक्षीय राजमार्ग पर निर्माण कार्य शुरू, मणिपुर पूरे दक्षिण पूर्व एशिया का प्रवेश द्वार होगा।
केन्द्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा है कि एक्ट ईस्ट नीति के अनुसार एशियाई त्रिस्तरीय राजमार्ग का निर्माण कार्य जल्दी शुरू हो जायेगा। उन्होंने मणिपुर में इम्फाल में न्यू इंडिया मंथन-संकल्प से सिद्धि कार्यक्रम में कहा कि मणिपुर पूरे दक्षिण-पूर्व एशिया का प्रवेश द्वार होगा और उसे एक्ट ईस्ट नीति का बहुत लाभ मिलेगा।
रक्षा मंत्रालय ने परियोजनाओं में तेजी लाने के लिए सीमा सड़क संगठन को अधिक प्रशासनिक तथा वित्तीय अधिकार देने को मंजूरी दे दी है। नये प्रावधानों के अनुसार संगठन का मुख्य अभियंता अब 50 करोड़ रुपये तक की विभागीय और अनुबंधनीय परियोजनाओं को मंजूरी दे सकते हैं। अपर महानिदेशक सौ करोड़ रुपये परियोजनाओं की मंजूरी दे सकेंगे।
वस्तु और सेवा कर व्यवस्था के तहत रिटर्न भरने और करों के भुगतान की अंतिम तिथि पांच दिन और बढ़ाई गई।
वस्तु और सेवा कर-व्यवस्था के तहत रिटर्न दाखिल करने और कर भुगतान करने की समय सीमा 5 दिन बढ़ा दी गई है। जुलाई महीने के लिए रिटर्न दाखिल करने का आज अंतिम दिन था। अब 25 अगस्त तक रिटर्न भरे जा सकते हैं। वित्त मंत्रालय ने कहा है कि कुछ बाढ़ग्रस्त राज्यों और जम्मू-कश्मीर ने समय सीमा बढ़ाने की मांग की थी। जिन करदाताओं को ट्रांस वन फार्म के जरिए पिछले कर की वापसी का दावा करना है, वे 28 अगस्त तक रिटर्न भर सकेंगे।
पिछले 5 साल में नागरिकता लेकर 298 भारतीय बन गए पाकिस्तानी
पिछले 5 साल में पाक ने 298 भारतीयों को अपने मुल्क की नागरिकता दी है. पाकिस्तान के गृह मंत्रालय की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया, ‘2012 से 14 अप्रैल 2017 तक 298 प्रवासी भारतीयों को पाकिस्तान की नागरिकता दी गई है.’पाकिस्तान में 2012 में 48 भारतीय प्रवासियों को नागरिकता दी गई जो कि 2013 में बढ़कर 75 और 2014 में 76 हो गई थी.
2015 में केवल 15 भारतीयों को नागरिकता दी गई. 2016 में 69 लोगों को नागरिकता दी गई है. पाकिस्तान को ऐसे देश के रूप में जाना जाता है जहां नागरिकता पाना हमेशा मुश्किल काम रहा है लेकिन बड़ी संख्या में भारत, अफगानिस्तान, बांग्लादेश और बर्मा जैसे देशों से अवैध प्रवासी यहां रह रहे हैं.
शेख हसीना की हत्या के प्रयास मामले में 10 लोगों को मौत की सजा
बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना की हत्या के विफल प्रयास के मामले में प्रतिबंधित संगठन हरकत-उल-जेहाद-ए-इस्लामी बांग्लादेश (HUJI) के 10 आतंकवादियों को मौत और 9 अन्य को 20 साल जेल की सजा सुनाई गई है। इन लोगों ने साल 2000 में गोपालगंज में हसीना के पुश्तैनी गांव के एक मैदान में अति-शक्तिशाली विस्फोटक डिवाइस का इस्तेमाल कर हसीना की हत्या की साजिश रची थी। हसीना वहां एक जनसभा को संबोधित करने वाली थीं। चरमपंथियों ने हसीना की हत्या के प्रयास के तहत 76 किलोग्राम के बम प्लांट किए थे। हसीना का वह प्रधानमंत्री के तौर पर पहला कार्यकाल था।
जेईई मेंस में सौ फीसद अंक लाने वाले कल्पित का नाम लिम्का बुक में दर्ज
इंजीनियरिंग की संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई मेंस) में वर्ष 2017 के टॉपर उदयपुर निवासी कल्पित वीरवाल का नाम लिम्का बुक ऑफ रिकार्ड्स में दर्ज किया गया है। वीरवाल को परीक्षा में 360 में 360 अर्थात सौ फीसद अंक मिले थे।कल्पित से पूर्व किसी ने जेईई मेंस की परीक्षा में सौ फीसद अंक प्राप्त नहीं किया था। कल्पित फिलहाल आइआइटी, बॉम्बे में कंप्यूटर सांइस की पढ़ाई कर रहा है।
भारत ने पहले एक दिवसीय क्रिकेट मैच में श्रीलंका को नौ विकेट से हराया।
दाम्बुला में पहले एकदिवसीय क्रिकेट मैच में भारत ने श्रीलंका को नौ विकेट से हरा दिया है। 217 रन के लक्ष्य के जवाब में भारत ने 29वें ओवर में एक विकेट पर 220 रन बनाकर जीत दर्ज की। शिखर धवन ने नाबाद 132 और कप्तान विराट कोहली ने नाबाद 82 रन बनाए। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 197 रन की साझेदारी की। इससे पहले, बल्लेबाजी के लिए बुलाए जाने पर मेजबान टीम 44वें ओवर में 216 रन पर सिमट गई। भारत के लिए अक्षर पटेल ने तीन विकेट लिए। पांच मैचों की श्रृंखला में भारत ने एक - शून्य की बढ़त बना ली है।
पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को उनकी 73वीं जयंती पर श्रद्धांजलि
राष्ट्र ने आज पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को उनकी 73वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की । पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने राजीव गांधी के समाधि स्थल वीरभूमि जाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। श्री राजीव गांधी 31 अक्तूबर, 1984 से 2 दिसम्बर 1989 तक देश के प्रधानमंत्री रहे।
