भारत और इस्राइल साइबर सुरक्षा, तेल और गैस तथा स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक दूसरे के साथ सहयोग करेंगे

भारत और इस्राइल ने साइबर सुरक्षा, तेल और गैस, अंतरिक्ष, विज्ञान तथा तकनीक नागरिक उड्डयन, सूचना और प्रसारण तथा स्वास्थ्य के क्षेत्र में 9 समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, और इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंयामिन नेतन्याहू के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के बाद ये समझौते हुए। दोनों नेताओं ने रक्षा सहयोग, व्यापार, नवाचार, आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई, कृषि तथा जल संरक्षण के कई मुद्दों पर भी चर्चा की।श्री नेतन्याहू कल नई दिल्ली में तीसरे वार्षिक रायसीना डॉयलाग का उद्घाटन करेंगे।
थोक मुद्रास्फीति, दिसंबर 2017 में तीन दशमलव पांच-आठ के साथ तीन महीने के न्यूनतम स्तर पर
थोक मूल्य सूचकांक पर आधारित मुद्रा स्फीति दिसंबर 2017 में तीन महीने के सबसे निचले स्तर तीन दशमलव पांच आठ प्रतिशत पर आ गयी। ईंधन के दाम बढने के बावजूद खाद्य पदार्थों के मूल्यों में गिरावट के चलते यह कमी दर्ज की गयी। थोक मूल्य सूचकांक पर आधारित मुद्रा ,स्फीति नवंबर 2017 में तीन दशमलव नौ तीन प्रतिशत थी। दिसंबर में खाद्य पदार्थों की मुद्रा स्फीति घटकर चार दशमलव सात दो प्रतिशत हो गयी, जबकि नवंबर में यह छह दशमलव शून्य छह प्रतिशत थी।
आज सेना दिवस मनाया गया
आज 70 वां सेना दिवस मनाया गया । इस अवसर पर सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत ने कहा है कि राष्ट्र विरोधी ताकतों को किसी भी हाल में सफल नहीं होने दिया जाएगा। आज ही के दिन 1949 को फील्ड मार्शल जनरल के एम करिअप्पा ने ब्रिटेन के अंतिम कमांडर इन चीफ जनरल एफ आर आर बूचर से भारतीय सेना की कमान प्राप्त की थी।
भारतीय मुक्केबाजों ने नेशन्स कप प्रतियोगिता में 11 स्वर्ण जीते
भारतीय मुक्केबाजों ने सर्बिया के शहर सोम्बोर में नेशन्स कप प्रतियोगिता में 11 स्वर्ण पदकों के साथ जूनियर और युवा महिलाओं की टीम चैम्पियनशिप ट्राफी जीत ली है। जूनियर टीम ने 13 पदक जीते हैं, जिनमें नौ स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य पदक शामिल हैं, जबकि युवा महिलाओं की टीम ने चार पदक जीतने में सफलता पाई है, जिनमें तीन स्वर्ण और एक कांस्य पदक शामिल है।