इस्राइल के प्रधानमंत्री नेतनयाहू ने रायसीना संवाद का शुभारंभ किया

इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंयामिन नेतनयाहू ने नई दिल्ली में रायसीना संवाद के तीसरे चरण का शुभारंभ किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री सुषमा स्वराज भी तीन दिन के इस आयोजन के उद्घाटन सत्र में शामिल हुए। संवाद में लगभग 90 देशों के 150 वक्ताओं और 550 से अधिक प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। रायसीना डॉयलाग का इस वर्ष का विषय है-विघटनकारी बदलाव प्रबंधन-विचार, संस्थाएं और धारणाएं। ये पहला मौका है जब कोई विदेशी प्रमुख इसमें शामिल होगा।
ये बहुपक्षीय सम्मेलन 2016 से सालाना दिल्ली में आयोजित हो रहा है। भारत के इस प्रमुख विदेश नीति सम्मेलन का आयोजन विदेश मंत्रालय और ऑब्जर्वर रिसर्च फाऊंडेशन संयुक्त रूप से करते हैं। इसे सिंगापुर की शंगरीला डॉयलोग की तर्ज पर तैयार किया गया है।
प्रधानमंत्री मोदी द्वारा राजस्थान में तेल रिफाइनरी परियोजना की शुरूआत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान में बाड़मेर जिले में पचपद्रा में रिफाइनरी परियोजना के कार्य का शुभारंभ किया।यह राज्य का पहला तेलशोधक कारखाना है। तेंतालीस हज़ार करोड़ रुपये की लागत की यह परियोजना हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड--एच.पी.सी.एल. और राजस्थान सरकार का संयुक्त उद्यम है। यह परियोजना अगले चार वर्षों में पूरी होगी और इससे राज्य को 34 हजार करोड़ रूपये की अतिरिक्त आय होगी। इससे हज़ारों प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोज़गार के अवसर सृजित होने की आशा है।
रक्षा खरीद परिषद ने आक्रमण रायफलों और कार्बाइन की खरीद को मंजूरी दी
रक्षा खरीद परीषद् ने 72 हजार 400 आक्रमण राइफलों और 93 हजार 895 कार्बाइन की खरीद, त्वरित आधार पर करने को मंजूरी दे दी है। इससे सीमाओं पर तैनात सेना की जरूरतें तुरंत पूरी की जा सकेंगी। इस पर तीन हजार 547 करोड़ रुपये खर्च होंगे। रक्षा मंत्री निर्मला सीतारामन की अध्यक्षता वाली इस परिषद् ने घरेलू उद्योग के जरिए रक्षा उपकरणों के विकास और विनिर्माण के लिए मेक टू प्रक्रिया का सरलीकरण भी किया है। संशोधित प्रक्रिया से अब रक्षा मंत्रालय को उद्योग से प्रस्ताव स्वत: स्वीकार करने और सैन्य बलों के लिए उपकरण विकसित करने के लिए स्टार्टअप की अनुमति मिल जाएगी।
इस वर्ष से हज सब्सिडी समाप्त
केन्द्र ने इस वर्ष से हज सब्सिडी समाप्त कर दी है। इस वर्ष पौने दो लाख हाजी बिना सब्सिडी के हज पर जाएंगे जो रिकॉर्ड है। पहली बार भारत से महिलाएं भी पुरूष साथी के बिना हज पर जाएंगी। अल्पसंख्यक मामला मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने बताया कि हज सबसिडी को अल्पसंख्यक समुदाय की महिलाओं और लड़कियों के शैक्षिक सशक्तिकरण पर खर्च किया जाएगा।जो हज सब्सिडी थी, उस हज सब्सिडी का समाज के शैक्षणिक सशक्तिकरण में इस्तेमाल होगा।
उच्चतम न्यायालय ने 2012 में सरकार को आदेश दिया था कि हज सबसिडी दस वर्ष में चरणबद्ध तरीके से समाप्त की जाए।
सेंचुरियन टेस्टमैच में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को जीत के लिए 287 रन का लक्ष्य दिया
सेंचुरियन क्रिकेट टेस्ट मैच में जीत के लिए दक्षिण अफ्रीका ने भारत के सामने 287 रन का लक्ष्य रखा है।इससे पहले मैच के चौथे दिन आज दक्षिण अफ्रीका ने अपनी दूसरी पारी में 258 रन बनाए। पहली पारी के आधार पर 28 रन की बढ़त के कारण दक्षिण अफ्रीका की कुल बढ़त 286 रन की है। भारत केपटाउन टेस्ट हारकर तीन मैचों की श्रृंखला में फिलहाल शून्य-एक से पिछड़ा हुआ है।
आईसीसी अंडर 19 क्रिकेट विश्व कप में भारत ने पापुआ न्यू गिनी को दस विकेट से हराया
आईसीसी अंडर 19 क्रिकेट विश्व कप में न्यूजीलैंड के मांगुनई में भारत ने पापुआ न्यू गिनी को दस विकेट से रहा दिया है। भारत ने 65 रन के लक्ष्य को आठ ओवर में ही हासिल कर लिया। भारत की ओर से कप्तान पृथ्वी शॉ ने नाबाद 57 रन बनाए।