भूटान ने सुरक्षा परिषद में भारत को स्थायी सदस्यता का समर्थन किया।
भारत रत्न प्रोफेसर सी.एन.आर. राव को प्रतिष्ठित वॉन हिप्पेल पुरस्कार से सम्मानित करेगा अमेरिका
अमेरिका की मैटीरियल रिसर्च सोसायटी ने भारत रत्न प्रोफेसर सी.एन.आर. राव को प्रतिष्ठित वॉन हिप्पेल पुरस्कार देने का फैसला किया है। प्रोफेसर राव यह पुरस्कार पाने वाले पहले एशियाई वैज्ञानिक होंगे। यह पुरस्कार 29 नवंबर को सोसायटी की बोस्टन में होने वाली बैठक में दिया जाएगा। पुरस्कारों में नकद राशि के अलावा, ट्रॉफी और डिप्लोमा भी दिया जाता है। प्रोफेसर राव को पदार्थ भौतिकी के क्रियात्मक विकास के विभिन्न पहलुओं पर विशिष्ट शोध के लिए सम्मानित किया जा रहा है। वॉन हिप्पेल पुरस्कार सेमी कंडक्टर, फैरो मैग्नेटिक्स और फैरो इलेक्ट्रिक्स के अध्ययन के प्रणेता आर्थर हिप्पेल के नाम पर दिया जाता है।
मुख्य आर्थिक सलाहकार अरविन्द सुब्रहमण्यम का कार्यकाल एक वर्ष बढ़ा
वित्तमंत्री अरूण जेटली ने कहा है कि मुख्य आर्थिक सलाहकार अरविन्द सुब्रहमण्यम का कार्यकाल एक वर्ष बढ़ाकर अक्तूबर 2018 तक किया जाएगा। श्री सुब्रहमणयम ने अक्तूबर 2014 में देश के मुख्य आर्थिक सलाहकार के रूप में कार्यभार संभाला था। वे भारतीय रिजर्व बैंक की मुद्रा नीति की वकालत करते रहे हैं। श्री सुब्रहमण्यम ने बैंकों के दर कटौती की नीति का भी खुलकर समर्थन किया है।
केंद्र सरकार ने की राष्ट्रव्यापी एलपीजी पंचायत कार्यक्रम की शुरुआत
ये कार्यक्रम ग्रामीण इलाकों में एलपीजी कनेक्शन देने की प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत शुरू किया गया है। केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने गुजरात में गांधीनगर जिले के गांव में औपचारिक रूप से कार्यक्रम की शुरूआत की । एलपीजी पंचायत कार्यक्रम के तहत डेढ़ साल में देशभर में एक लाख एलपीजी पंचायतें बनाई जाएंगी। इसका उद्देश्य पारंपरिक ईंधनों के स्थान पर स्वच्छ ईंधन के इस्तेमाल के फायदों के बारे में लोगों को जानकारी देनी है।
नौकरी बदलने पर ईपीएफ ट्रांसफर दावा फाइल करने की अब जरूरत नहीं
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के अंशधारकों को नौकरी बदलने पर अब फार्म-13 का उपयोग कर अलग से ईपीएफ स्थानांतरण दावा फाइल करने की आवश्यकता नहीं है। यह अब स्वत: होगा। नई कंपनी से जुड़ने के साथ ही कर्मचारी नये कंपोजिट एफ-11 फार्म में अपने पूर्व ईपीएफ खाते का ब्योरा दे सकते हैं। उसने कहा कि पुराने एफ-11 फार्म में ईपीएफ खाते का ब्योरा देने के साथ कोष स्वत: नये ईपीएफ खाते में स्थानांतरित कर दिया जाएगा।
एसबीआई लाइफ के आईपीओ को 3.58 गुना अभिदान
एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस कंपनी के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को बोली के आखिरी दिन 3.58 गुना अभिदान मिला। नेशनल स्टाक एक्सचेंज के पास रात आठ बजे तक के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार कुल 8,82,00,000 शेयर के बदले 31,54,18,824 इक्विटी के लिये बोली आयी। पात्र संस्थागत खरीदारों के मामले में 12.56 गुना, गैर-संस्थागत निवेशकों के मामले में 70 प्रतिशत तथा खुदरा निवेशकों के मामले में 84 प्रतिशत अभिदान मिला।
एसबीआई लाइफ देश के सबसे बड़े बैंक एसबीआई और बीएनपी परिबा कार्डिफ (बीएनपीपीसी) का संयुक्त उद्यम कंपनी है। बीएनपीपीसी फ्रांस की होल्डिंग कंपनी है। कंपनी ने आईपीओ के लिये कीमत दायरा 685-700 रुपये तय किया है। उच्च कीमत स्तर पर कंपनी को इससे 8,400 करोड़ रुपये जुटाये जाने की उम्मीद है।
तुर्कमेनिस्तान में एशियाई इंडोर और मार्शल आर्ट खेलों के सातवें दिन भारतीय साइकलिस्ट देबोराह हेरोल्ड ने दो रजत पदक जीते।
तुर्कमेनिस्तान के अशगाबात में पांचवें एशियाई इंडोर और मार्शल आर्ट खेलों के सातवें दिन भारतीय साइकलिस्ट देबोराह ने महिला केरिन स्पर्धा में रजत पदक जीता। यह उनका तीसरा पदक है। हांगकांग की ली वाई जे को हराकर देबोराह ने इस स्पर्धा में दूसरा स्थान हासिल किया। इससे पहले उन्होंने 200 मीटर एकल स्प्रिंट रेस में रजत पदक जीता था। कल उन्होंने टीम स्प्रिंट स्पर्धा में एलिना रेजी के साथ रजत पदक हासिल किया। 48 किलोग्राम कुरास स्पर्धा में कल मालाप्रभा यल्लपा ने भी एक रजत पदक नाम किया। पदक तालिका में भारत पांच स्वर्ण, छह रजत और पांच कांस्य पदकों के साथ नौवें स्थान पर है।
जापान ओपन सुपर सीरीज़ बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारत की चुनौती समाप्त।
जापान ओपन सुपर सीरीज़ बैडमिंटन टूर्नामेंट में आज मिक्स्ड डबल्स के सेमीफाइनल में प्रणव जेरी चोपड़ा और एन.सिक्की रेड्डी की जोड़ी हार गईं। इसके साथ ही टूर्नामेंट में भारत की चुनौती समाप्त हो गई। प्रणव और सिक्की की जोड़ी आज खेले गए मैच में पहले दौर की बढ़त को गंवाते हुए जापान की ताकुरू होकी और सायका हिरोता से 21-14, 15-21, 19-21 से हार गई।
