उच्चतम न्यायालय की नौ न्यायाधीशों की संविधान पीठ ने सर्वसम्मति से निजता का अधिकार को संविधान के तहत मौलिक अधिकार घोषित किया
उच्चतम न्यायालय ने आज अपने एक ऐतिहासिक फैसले में कहा कि निजता का अधिकार संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत जीवन और व्यक्तिगत स्वतंत्रता के अधिकार में अंतर्निहित मौलिक अधिकार है। प्रधान न्यायाधीश न्यायमूर्ति जगदीश सिंह खेहर की अध्यक्षता में 9 न्यायाधीशों की संविधान पीठ ने निजता के अधिकार से संबंधित मामले में सर्वसम्मति से अपना फैसला सुनाया। लेकिन न्यायालय को अभी इस बात का फैसला करना है कि क्या आधार पंजीकरण निजता के अधिकार का उल्लंघन है।
भारत और नेपाल के बीच आपसी संबंधों को बढ़ाने के लिए आठ सहमति पत्रों पर हस्ताक्षर।
भारत ने कहा है कि नेपाल और भारत के सुरक्षा हित आपस में जुड़े हैं और एक दूसरे पर निर्भर हैं। रक्षा और सुरक्षा क्षेत्रों में दोनों देशों का आपसी सहयोग, उनकी भागीदारी की महत्वपूर्ण विशेषता है। श्री मोदी ने कहा कि आज जिन आठ सहमति पत्रों पर हस्ताक्षर किए गए हैं उनमें से चार नेपाल में भूकंप के बाद पुनर्निर्माण के लिए एक अरब डॉलर की सहायता के भारत के वचन को पूरा करने में काम आएंगे। दोनों नेताओं ने कटैया- कुसहा और रक्सौल- परवानीपुर के बीच दोनों देशों में बिछाई गई बिजली की ट्रांसमिशन लाइन का संयुक्तरूप से उद्घाटन किया।
रिजर्व बैंक दो सौ रुपये का नया नोट कल जारी करेगा।
भारतीय रिजर्व बैंक महात्मा गांधी श्रृंखला के अंतर्गत 200 रुपये के नये नोट कल जारी करेगा। इस नोट पर रिजर्व बैंक के गवर्नर उर्जित पटेल के दस्तखत हैं और इसे रिजर्व बैंक के चुने हुए कार्यालयों से जारी किया जाएगा। इस नोट के पीछे सांची के स्तूप की आकृति बनी हुई है जो देश की सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करती है। नोट का मूल रंग चटख पीला है और कई अन्य रंग, डिजायन तथा आकृतियां भी हैं।
राजस्थान में जाटों को अन्य पिछड़ा वर्ग की श्रेणी में आरक्षण।
राजस्थान में धौलपुर और भरतपुर जिलों के जाटों को अन्य पिछड़ा वर्ग की श्रेणी में आरक्षण दे दिया गया है। राज्य के सामाजिक न्याय और अधिकारिता विभाग ने कल मंत्रिमंडल से मंजूरी के बाद इस बारे में अधिसूचना जारी की। दोनों जिलों का जाट समुदाय लंबे समय से अन्य पिछड़ा वर्ग की श्रेणी में आरक्षण की माँग कर रहा था।
क्षेत्रीय हवाई संपर्क योजना \.उ़ड़ान\. के लिए बोली लगाने के दूसरे दौर की शुरुआत
नागरिक विमानन मंत्रालय ने क्षेत्रीय हवाई संपर्क योजना \.उ़ड़ान\. के लिए बोली लगाने के दूसरे दौर की शुरुआत की। इस योजना का उद्देश्य प्राथमिकता वाले विशेष क्षेत्रों को विमान सेवाओं से जोड़ना है और इसके अंतर्गत जम्मू-कश्मीर, उत्तर-पूर्वी भारत, लक्ष्यद्वीप और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह शामिल हैं। नागरिक विमानन मंत्री अशोक गजपति राजू ने कहा कि इन विशेष क्षेत्रों में विमान संपर्क को बड़े पैमाने पर बढ़ावा दिया जा रहा है और 9 सीटों से कम क्षमता वाले हेलीकॉप्टर उड़ाने की इजाजत भी दे दी गई है।
नदी संरक्षण अभियान कन्याकुमारी में होगा शुरू
नदी संरक्षण अभियान पहली सितंबर से कन्याकुमारी में शुरू होगा। तीस दिन का रैली फॉर रीवर्स अभियान इशा-फाउन्डेशन शुरू कर रहा है जिसका उद्देश्य तेजी से सूखती जा रही नदियों को बचाने के बारे में जागरुकता पैदा करना है। आकाशवाणी के साथ भेंटवार्ता में ईशा-फाउन्डेशन के संस्थापक सदगुरू ने कहा कि इस अभियान में 23 प्रमुख और अनेक छोटे कार्यक्रम सहित कई आयोजन किये जाएंगे।
कतर ने ईरान के साथ राजनयिक संबंध फिर स्थापित किए, अरब राष्ट्रों की मांग को खारिज किया।
कतर ने अरब राष्ट्रों की मांग को ठुकराते हुए ईरान के साथ पूर्ण राजनयिक संबंध फिर स्थापित कर लिए हैं। कतर के विदेश मंत्रालय ने यह घोषणा करते हुए कहा कि ईरान में पदस्थ राजदूत शीघ्र ही तेहरान वापस लौट जाएंगे।कतर ने 2016 में तेहरान से उस समय अपना राजदूत वापस बुला लिया था, जब सउदी अरब में एक प्रमुख शिया नेता को मौत की सजा दिए जाने पर ईरान में सउदी अरब के दो राजनयिक चौकियों पर हमले हुए थे।
के श्रीकांत और पी वी सिंधु विश्व बैडमिन्टन चैम्पियनशिप में पुरूष सिंगल्स क्वार्टर फाइनल में पहुंचे।
किदाम्बी श्रीकांत और पी. वी. सिंधु विश्व बैडमिंटन चैम्पियनशिप में अपने-अपने वर्ग के क्वार्टर फाइनल पहुंच गए हैं। स्कॉटलैंड के ग्लास्गो में पुरूष सिंगल्स प्री-क्वार्टर फाइनल में श्रीकांत ने डेनमार्क के एंडर्स एन्टनसेन को हराया। महिला सिंगल्स के प्री-क्वार्टर फाइनल में पी. वी. सिंधु ने हांगकांग की चियुंग एन्गैन यी को हराया।
