डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह दोषी, हिंसा में 29 की मौत
हरियाणा में पंचकुला में सीबीआई की विशेष अदालत द्वारा डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को दुष्कर्म का दोषी ठहराये जाने के बाद हरियाणा और पंजाब में भड़की हिंसा में करीब 28 लोगों की जान गई है और ढाई सौ से अधिक लोग घायल हुए हैं। एक सौ से अधिक वाहनों को नुकसान पहुंचाए जाने का समाचार है।
टॉप 100 अमीरों में 15वें नंबर पर प्रेमजी, गेट्स अभी भी पहले नंबर पर
साल 2017 के लिए फोर्ब्स की ओर से जारी की गई लिस्ट के अनुसार दुनिया के शीर्ष 100 अमीरों की संपत्ति पहली बार एक ट्रिलियन डॉलर से ज्यादा हो गई है। उनकी कुल संपति 69.15 लाख करोड़ रुपये (1.08 ट्रिलियन डॉलर) हो चुकी है। यह पिछले साल से 21 फीसद अधिक यानी करीब 12.10 लाख करोड़ रुपये अधिक है।
बिल गेट्स पहले नंबर पर:
इस सूची में बिल गेट्स अभी भी नंबर एक पर बने हुए हैं। उनकी संपत्ति नेटवर्थ फोर्ब्स ने 85.4 अरब डॉलर (5.57 लाख करोड़ रुपये) आंकी है। दूसरे नंबर पर अमेजन के फाउंडर जेफ बेजोस हैं, जिनकी संपत्ति 5.22 लाख करोड़ रुपये है। वहीं, तीसरे नंबर पर फेसबुक के को-फाउंडर मार्क जुकरबर्ग हैं, जिनकी संपत्ति 4.45 लाख करोड़ रुपये आंकी गई है। वह इस साल सबसे ज्यादा पैसा कमाने वाले टेक अमीर भी हैं।
15 वें स्थान पर प्रेमजी:
भारत के अजीम प्रेमजी 1.16 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ इस सूची में 15वां स्थान बनाने में कामयाब रहे हैं। उनके अलावा एचसीएल के संस्थापक शिव नाडर 86,400 करोड़ रुपये के साथ 18वें नंबर पर हैं। वहीं, भारतीय मूल के अमेरिकी ऋषि शाह 23 हजार करोड़ के साथ इस सूची में 69वें नंबर पर हैं।
दो सौ रूपये और पचास रूपये के नये नोट जारी
भारतीय रिजर्व बैंक ने आज दो सौ रूपये और पचास रूपये के नये नोट जारी किए। महात्मा गांधी की नई सीरिज के तहत जारी इन नए नोटों पर रिजर्व बैंक के गर्वनर उर्जित पटेल के हस्ताक्षर हैं।
पी वी सिंधु ग्लास्गो में विश्व बैडमिंटन चैम्पियनशिप के महिला सिंगल्स के सेमीफाइनल में।
पी वी सिंधु विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप के महिला सिंगल्स सेमीफाइनल में पहुंच गई हैं। स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आज क्वार्टर फाइनल में सिंधु ने चीन की सुन यू को 21-14, 21-9 से हराया। इस जीत से सिंधु का पदक पक्का हो गया है। अंतिम चार में कल उनका मुकाबला चीन की ही चेन यूफेई से होगा। लेकिन किदाम्बी श्रीकांत हारकर बाहर हो गए हैं। श्रीकांत को पुरूष सिंग्ल्स क्वार्टर फाइनल में दक्षिण कोरिया के सोन वान हो ने हराया।
