भारत ने कहा है कि चीन के साथ गतिरोध का कारण बने डोकलाम की सीमा से सैनिकों को हटाने का काम लगभग पूरा कर लिया गया है। भारत का हमेशा से यह मानना रहा है कि इस तरह के मामलों में मतभेदों का निपटारा केवल राजनयिक माध्यमों से ही होना चाहिए।आज का घटनाक्रम ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की चीन यात्रा के पहले एक बड़ी राजनयिक सफलता के रूप में देखा जा रहा है।डोक ला उस क्षेत्र का भारतीय नाम है जिसे भूटान में डोकलाम के नाम से जाना जाता है। चीन इसे अपने डोंगलांग इलाके का हिस्सा बताता है।
दुष्कर्म के दो अलग-अलग मामलों में डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को बीस वर्ष कडे कारावास की सजा सुनाई गई।
डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम को दुष्कर्म के दो अलग-अलग मामलों में बीस वर्ष कैद की सजा सुनाई गई है। सी बी आई के न्यायाधीश जगदीप सिंह ने डेरा प्रमुख को 2002 के दुष्कर्म के दो मामलों में दस-दस वर्ष की कड़ी कैद की सजा सुनाई है। उन्होंने बताया कि दोनों सजाएं एक के बाद एक चलेंगी। न्यायालय ने राम रहीम पर दोनों मामलों में 15-15 लाख रूपये का जुर्माना भी लगाया। इनमें से 14-14 लाख रूपये दोनों दुष्कर्म पीडितों को दिये जायेंगे। राम रहीम के वकील ने कहा कि सजा के खिलाफ उच्च न्यायालय में अपील की जायेगी। रोहतक में सुनारिया जेल में बनी विशेष अदालत में डेरा प्रमुख गरमीत राम रहीम को सजा सुनाई गई।
गोवा, दिल्ली और आंध्रप्रदेश में सत्तारूढ़ दलों ने विधानसभा उपचुनाव में जीत हासिल की।
गोवा में दोनों सीटें भारतीय जनता पार्टी ने जीत ली हैं। पणजी विधानसभा सीट पर मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी गिरीश चोडानकर को 4 हजार 8 सौ से अधिक वोटों के अंतर से हराया। वालपोई विधानसभा सीट राज्य के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने कांग्रेस के रॉय नाइक को 10 हजार से ज्यादा वोटों के अंतर से हराकर जीत ली है। दिल्ली में बवाना सीट आम आदमी पार्टी ने जीती है। उसके उम्मीदवार रामचन्द्र ने भारतीय जनता पार्टी के वेद प्रकाश को 24 हजार से अधिक वोटों से हराया। आंध्रप्रदेश में नांदयाल विधानसभा उपचुनाव में तेलगूदेशम पार्टी के भूमा ब्रहमानंद ने वाई.एस.आर. कांग्रेस उम्मीदवार को 27 हजार से अधिक वोटों से हराकर जीत हासिल की है।
न्यायमूर्ति दीपक मिश्रा को देश के 45वें प्रधान न्यायाधीश के रूप में शपथ दिलाई गई।
न्यायमूर्ति दीपक मिश्रा ने भारत के नये प्रधान न्यायाधीश का कार्यभार संभाल लिया है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने आज नई दिल्ली में राष्ट्रपति भवन में उन्हें पद की शपथ दिलाई। उन्होंने न्यायमूर्ति जगदीश सिंह खेहर का स्थान लिया है जो कल सेवानिवृत्त हो गए।
अक्तूबर, 1953 में जन्मे न्यायमूर्ति दीपक मिश्रा 1977 में वकील बने और उन्हें ओडिशा उच्च न्यायालय तथा सेवा न्याधिकरण में संवैधानिक, दीवानी, फौजदारी, राजस्व, सेवा और बिक्री कर से संबंधित मामलों में वकालत का अनुभव है। 1996 में उन्हें ओडिशा उच्च न्यायालय में अतिरिक्त न्यायाधीश बनाया गया और दिसम्बर 1997 में वे स्थायी न्यायाधीश बने। वे पटना और दिल्ली उच्च न्यायालयों के मुख्य न्यायाधीश भी रह चुके हैं। न्यायमूर्ति मिश्रा 2011 में उच्चतम न्यायालय में न्यायाधीश बने थे।
हैम्बर्ग में विश्व बॉक्सिंग चैंपियनशिप में अमित फंगल और गौरव बिधूड़ी क्वार्टर फाइनल में पहुंचे।
19वीं विश्व मुक्केबाजी चैम्पियनशिप में भारत के अमित फंगल और गौरव बिधूड़ी क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं जबकि विकास कृष्ण प्रतियोगिता से बाहर हो गए हैं। कल जर्मनी के हेम्बर्ग में अमित ने 49 किलोग्राम भार वर्ग में इक्वेडोर के कार्लोस क्विप्पो को हराया। गौरव बिधूड़ी ने 75 किलोग्राम भारवर्ग के प्री-क्वार्टर फाइनल में उक्रेन के मायकोला बुत्सेनको को पराजित किया।
