केंद्रीय मंत्रिमंडल ने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के लिए दो लाख 11 हजार करोड़ रुपये की पूंजीकरण योजना को मंजूरी दी।
गेंहू का न्यूनतम समर्थन मूल्य 110 रुपये बढ़ा
सरकार ने गेंहू का न्यूनतम समर्थन मूल्य 110 रुपये बढ़ा दिया है और इस साल यह एक हजार सात सौ 35 रुपये प्रति क्विंटल होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की आर्थिक मामलों की समिति ने वर्ष 2017-18 के रबी मौसम की सभी फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य को मंजूरी दी है। सरकार ने चने का नया समर्थन मूल्य 4,400 रूपये तथा मसूर का चार हजार दो सौ पचास रूपये तय किया है।
भारतीय वायु सेना के 20 लड़ाकू विमानों ने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर उड़ान भरने और उतरने का विशेष अभ्यास किया।
भारतीय वायुसेना ने आज उत्तर प्रदेश में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर विमानों के उड़ान भरने और उतरने का अभ्यास किया। इस अभ्यास में बीस लड़ाकू विमानों ने हिस्सा लिया है। उन्नाव जिले के बांगरमऊ में आज सुबह सी-130 जे परिवहन विमान के उतरने के साथ इसकी शुरूआत हुई। इस अभ्यास में गरूड कमांडो के साथ सी-130जे परिवहन विमान, तीन जगुआर, छह मिराज और छह सुखोई 30 ने हिस्सा लिया।
आपात स्थितियों और युद्ध के हालात में राजमार्गों पर अपने मालवाहक और लड़ाकू विमानों के उतार सकने की अपनी क्षमता का आकलन करने के लिए भारतीय वायुसेना ने इस अभ्यास का आयोजन किया।इसके पहले पिछले साल नवम्बर महीने में इस तरह का अभ्यास का आयोजन किया गया था, जिसमें सुखोई और मिराज लड़ाकू जेट शामिल हुए थे।
संयुक्त राष्ट्र दिवस:२४ अक्टूबर
संयुक्त राष्ट्र दिवस विश्व प्रतिवर्ष २४ अक्टूबर को लोगों को संयुक्त राष्ट्र संस्थान के उद्देश्यों एवं उपलब्धियों की जानकारी देने हेतु मनाया जाता है।
वर्ष 1945 में 24 अक्तूबर को संयुक्त राष्ट्र का घोषणापत्र (चार्टर) प्रभावी हुआ था। वर्ष 1948 से इस दिन को संयुक्त राष्ट्र दिवस के रूप में मनाया जाता है। वर्ष 1971 में संयुक्त राष्ट्र महासभा ने संयुक्त राष्ट्र दिवस पर सदस्य राष्ट्रों में सार्वजनिक अवकाश रखने की सिफारिश की थी।
आई. एस. एस. एफ. निशानेबाज़ी विश्व कप फाइनल में जीतू राय और हीना सिद्धू की जोड़ी ने भारत को पहला स्वर्ण पदक दिलाया।
प्रतियोगिता के पहले दिन आज दस मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम स्पर्धा में जीतू राय और हीना सिद्धू की जोड़ी ने स्वर्ण पदक जीता। राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक विजेता जीतू और राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता सिद्धू का मिक्स्ड टीम स्पर्धा में यह तीसरा स्वर्ण पदक है। भारतीय जोडी ने 483 दशमलव चार अंक लेकर पहला स्थान हासिल किया। फ्रांस ने रजत और चीन ने कांस्य पदक अपने नाम किया। आई. एस. एस. एफ. विश्व कप में मिक्स्ड टीम स्पर्धा पहली बार आधिकारिक रूप में शामिल की गई है। 2020 में तोक्यो ओलंपिक में मिक्स्ड टीम स्पर्धा शामिल की जायेगी।
क्रिस्टियानो रोनाल्डो को लगातार दूसरी बार फीफा का सर्वश्रेष्ठ पुरूष खिलाड़ी और लिके मार्टिनस को सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी का पुरस्कार।
क्रिस्टियानो रोनाल्डो को कल रात लंदन में आयोजित समारोह में सर्वश्रेष्ठ फीफा पुरूष खिलाड़ी का पुरस्कार दिया गया। रोनाल्डो ने लगातार दूसरी बार ये खिताब जीता है। रोनाल्डो ने लियोनेल मेसी और नेमार को पीछे छोड़ते हुए पुरस्कार जीता।नीदरलैंड्स की लिके मार्टिन्स को सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी, रियल मैड्रिड के जेनेदिन जेडान को सर्वश्रेष्ठ पुरूष कोच और नीदरलैंड्स की सैरीना बिगमेन को सर्वश्रेष्ठ महिला कोच घोषित किया गया।
