कैटेलोनिया की संसद ने स्पेन से आजादी की घोषणा की
सार्क लॉ का कोलंबों में हुआ उद्घाटन
चौदहवें दक्षिण एशियाई कानून क्षेत्रीय सहयोग संघ - सार्क लॉ और 11वें मुख्य न्यायाधीशों के सम्मेलन का कोलंबों में उद्घाटन हुआ। श्रीलंका के प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे ने अपने भाषण में विवादों को हल करने में न्यायिक देरी जैसी समस्याओं से निपटने की आवश्यकता पर बल दिया।
इस मौके पर कानून विशेषज्ञ हेमंत बत्रा द्वारा सार्क क्षेत्र की प्रमुख संधियों और कानूनी दस्तावेजों पर लिखी गई इनसाइक्लो पीडिया का भी विमोचन किया गया।इस तीन दिवसीय सम्मेलन में दक्षिण एशिया के प्रमुख न्यायाधीश, कानूनविद और अधिवक्ता भाग ले रहे हैं।
केन्द्र के राष्ट्रीय सोलर मिशन के तहत रेलवे ने नई दिल्ली क्षेत्र में कुल पांच मेगावाट क्षमता वाले सौर विद्युत संयंत्रों की शुरूआत की
रेलमंत्री पीयूष गोयल ने नई दिल्ली क्षेत्र में कुल पांच मेगावाट क्षमता के सौर बिजली संयंत्रों के सैट की शुरुआत की। यह परियोजना सरकार के राष्ट्रीय सोलर मिशन का हिस्सा है जिसके अंतर्गत देश भर में एक हजार मेगावाट क्षमता के संयंत्रों को भारतीय रेलवे के नेटवर्क से जोड़ा जाएगा।उन्होंने कहा कि रेलवे आने वाले वर्षों में रेल संचालन के शत-प्रतिशत विद्युतीकरण के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में प्रयास कर रहा है।
कर्नाटक मंत्रिमण्डल ने उभयलिंगी समुदाय को समाज की मुख्यधारा में लाने और शोषण से बचाने के लिए नई नीति को मंजूरी दी
कर्नाटक मंत्रिमण्डल ने स्त्री या पुरूष की श्रेणी में नहीं आने वाले उभयलिंगी समुदाय के लोगों को समाज की मुख्यधारा में लाने और उन्हें शोषण से बचाने के लिए राज्य की नीति की घोषणा कर दी है। 2014 में उभयलिंगी समुदाय के बारे में उच्चतम न्यायालय के ऐतिहासिक फैसले के अनुपालन में राज्य सरकार ने यह नई नीति बनाई है जिसके अनुसार सभी दस्तावेजों और पत्र व्यवहार में इस श्रेणी के लोगों के लिए उभयलिंगी शब्द का इस्तेमाल किया जाएगा। महिला और बाल विकास विभाग नीति को लागू करने वाला नोडल विभाग होगा।
अमरीका ने भारत में अगले अमरीकी राजदूत के लिए केन जेस्टर के नाम का अनुमोदन किया
अमरीकी सीनेट की एक महत्वपूर्ण समिति ने ऐतिहासिक भारत-अमरीका असैनिक परमाणु समझौते में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले केन जेस्टर का भारत में अमरीका के अगले राजदूत के रूप में मनोनयन का अनुमोदन कर दिया है। अमरीकी सीनेट की विदेशी संबंधों की समिति ने ध्वनि मत से उनके मनोनयन की पुष्टि की। लेकिन भारत में कार्यभार संभालने से पहले सम्पूर्ण सीनेट की मंजूरी लेनी होगी। भारत में अमरीकी राजदूत का पद 20 जनवरी से खाली पड़ा है क्योंकि श्री डोनल्ड ट्रम्प के 45वें अमरीकी राष्ट्रपति के रूप में कार्यभार संभालने के बाद अमरीकी राजदूत रिचर्ड वर्मा ने त्यागपत्र दे दिया था।
आज पैदल सेना यानी इनफन्ट्री दिवस मनाया गया
यह दिन हर साल 27 अक्टूबर को मनाया जाता है। 70 साल पहले आज ही के दिन देश की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता पर खतरे को देखते हुए भारतीय सेना की सिख रेजीमेंट की पहली बटालियन के सैनिक लड़ाकू विमानों से श्रीनगर में उतरे थे।
उत्तरप्रदेश में सरकारी कामकाज निपटाने के लिए ई-ऑफिस प्रणाली शुरू
उत्तरप्रदेश सचिवालय के 22 विभागों में आज से सरकारी कामकाज निपटाने के लिए ई-ऑफिस प्रणाली शुरू हो गई है। इसके अंतर्गत कागज की फाइलों के स्थान पर डिजिटल फाइलों का उपयोग किया जाएगा, जिससे कामकाज को तेजी से निपटाया जा सके।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज अपने कार्यालय को ई-ऑफिस प्रणाली के तहत लाकर नई व्यवस्था की शुरुआत की।
राज्य के सिंचाई, संस्कृति, चुनाव, खेलकूद, युवा मामले, दुग्ध विकास, खादी और ग्रामोद्योग, सूचना, खनन, लघु सिंचाई, लघु और मध्यम उद्योग तथा सम्पदा विभागों के सचिवों के कार्यालय भी ई-ऑफिस प्रणाली से जोड़ दिये गये हैं।
भारत को आई एस एस एफ विश्वकप के फाइनल स्पर्धा में एक रजत और एक कांस्य पदक
दिल्ली में आई एस एस एफ विश्व कप निशानेबाजी के फाइनल में आज भारत ने एक रजत और एक कांस्य सहित दो पदक जीते। संग्राम दहिया ने पुरूष डबल ट्रैप स्पर्धा में रजत पदक अपने नाम किया। अमनप्रीत सिंह ने पुरुषों की 50 मीटर पिस्टल स्पर्धा में कांस्य पदक जीता।
