जयपुर में आठ नवम्बर को वंदे मातरम कार्यक्रम का आयोजन होगा
राजस्थान की राजधानी जयपुर के सवाईं मान सिंह स्टेडियम में आठ नवम्बर को वंदे मातरम कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। राज्य के अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं राजस्थान युवा बोर्ड के अध्यक्ष जे सी महंती ने आज यहां एक बैठक में यह जानकारी देते हुए बताया कि हिन्दू आध्यात्मिक एवं सेवा फाउण्डेशन के संयोजन में यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
सरकार ने सॉवरेन स्वर्ण बांड की दर 2,945 रुपये प्रति ग्राम तय की
सोमवार से खुलने वाली सॉवरेन स्वर्ण बांड (एसजीबी) श्रृंखला के लिए खरीद मूल्य 2,945 रुपये प्रति ग्राम तय किया गया है। रिजर्व बैंक ने आज यह घोषणा की। इन बांडों की खरीद प्रत्येक सप्ताह सोमवार से बुधवार तक की जा सकेगी। आनलाइन आवेदन करने वाले और डिजिटल तरीके से भुगतान करने वाले निवेशकों को 50 रुपये प्रति ग्राम की छूट देने का भी फैसला किया है। केंद्रीय बैंक ने सॉवरेन स्वर्ण बांड 2017-18 श्रृंखला छह के लिए निर्गम मूल्य की घोषणा करते हुए कहा कि ऐसे निवेशकों के लिए खरीद मूल्य 2,895 रुपये प्रति ग्राम बैठेगा।
भारत-22 ईटीएफ निर्गम 14 नवंबर से, 8000 करोड़ रुपये मिलने की उम्मीद
सरकार भारत-22 एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ईटीएफ) की शुरूआत अगले महीने करेगी। निर्गम से सरकारी खजाने को लगभग 8000 करोड़ रुपये मिलने की उम्मीद है। इस नयी फंड पेशकश (एनएफओ) का प्रबंधन आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल म्युचुअल फंड कर रहा है। एंकर निवेशकों के लिए यह एनएफओ 14 नवंबर को खुलेगा। वहीं खुदरा निवेशक 15 से 17 नवंबर तक खरीदारी कर सकेंगे। भारत-22 में सार्वजनिक क्षेत्र की वे 22 इकाइयां व बैंक शामिल हैं जिनमें सरकार की बहुलांश हिस्सेदारी है।
10 साल के भीतर देश के हर जिले में खुलेंगे आयुष अस्पताल
केंद्र सरकार ने पारम्परिक चिकित्सा पद्धतियों के व्यवस्थित प्रसार के लिये अगले 10 साल के भीतर देश के हर जिले में आयुष अस्पताल खोलने की योजना पर काम शुरू कर दिया है। केंद्रीय आयुष मंत्री श्रीपद येसो नाइक ने कहा, ‘हम आयुष चिकित्सा पद्धतियों को देश के कोने-कोने में फैलाना चाहते हैं। राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत अगले 10 वर्षों में देश के हर जिले में 50-50 बिस्तरों के अस्पताल शुरू करने की योजना पर काम शुरू हो गया है।’मंत्रालय को अब तक मिले सभी 66 प्रस्तावों को मंजूरी देकर आयुष अस्पतालों के लिये आर्थिक सहायता प्रदान की गयी है। इसके साथ ही, देश में 992 "योगा वेलनेस सेंटरों" का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है और 100 "योगा पार्कों" के विकास की तैयारी की गयी है।
स्पेन ने कैटेलोनिया का नियंत्रण सीधे अपने हाथों में लिया। 21 दिसम्बर को चुनाव का आदेश दिया।
स्पेन ने पूर्वोत्तर स्वायत्त प्रांत कैटेलोनिया की संसद द्वारा स्वतंत्रता की घोषणा के एक दिन बाद वहां के पुलिस प्रमुख को बर्खास्त कर दिया और प्रांत का नियंत्रण सीधे अपने हाथों में लेने की घोषणा की है। स्पेन के प्रधानमंत्री मारियानों रखोइ ने राष्ट्रीय सीनेट से अधिकार प्राप्त करने के बाद वहां 21 दिसंबर को चुनाव कराने की घोषणा की है।स्पेन के केंद्रीय सरकार द्वारा बरखास्त किए गए कैटेलोनिया के अलगाववादी नेता ने केंद्रीय सरकार के शासन के विरूद्ध लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करने का आह्वान किया है।अमरीका तथा यूरोपीय संघ के कई देशों ने स्पेन के कदम का समर्थन किया है।
इंग्लैंड ने स्पेन को 5-2 से हराकर जीता U-17 विश्वकप
कोलकाता के साल्टलेक स्टेडियम में बेहद कड़े और रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड ने स्पेन को 5-2 से हराकर जूनियर विश्वकप जीत लिया है. इंग्लैंड ने अब तक टूर्नामेंट में 18 और स्पेन ने 15 गोल किये हैं. इंग्लैंड चौथी बार इस टूर्नामेंट में खेल रहा है लेकिन वह पहली बार फाइनल में पहुंचा है जबकि स्पेन इससे पहले 1991, 2003 और 2007 में उप विजेता रहा था. फीफा ने दिसंबर, 2013 में भारत को अंडर-17 विश्व कप की मेजबानी सौंपी थी और यहां दर्शकों की संख्या की लिहाज से नया रिकॉर्ड बन गया.
