केन्द्र सरकार शुरू किया मुद्रा प्रोत्साहन अभियान
धरोहर परियोजना अपनाओं का शुभारंभ
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने धरोहर परियोजना अपनाओ यानी अडॉप्ट ए हैरिटेज प्रोजेक्ट नाम की एक योजना की शुरूआत की। इसके तहत भारत के प्रसिद्ध और विविध पर्यटन स्मारकों को पर्यटकों के अनुकूल बनाया जाएगा। श्री कोविंद ने आशा व्यक्त की कि इस परियोजना के तहत निजी क्षेत्र की भागीदारी से देश के धरोहर स्थलों के रखरखाव में मदद मिलेगी।विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति कोविंद ने अतुल्य भारत अभियान के दूसरे संस्करण का शुभारंभ किया।पिछले तीन वर्ष में भारत ने पर्यटन क्षेत्र में अच्छी वृद्धि दर्ज की है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष जनवरी से अगस्त तक 60 लाख से अधिक विदेशी पर्यटकों ने भारत के विभिन्न भागों की यात्रा की। पिछले साल विदेश यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या एक अरब 20 करोड़ थी और 2030 तक यह संख्या एक अरब 80 करोड़ हो जाएगी।
विश्व पर्यटन दिवस: 27 सितंबर , राष्ट्रीय पर्यटन पुरस्कार भी प्रदान किये गये
आज विश्व पर्यटन दिवस है। यह दिन 27 सितंबर 1980 से मनाया जा रहा है। विश्व पर्यटन संगठन का अधिनियम इसी दिन से अस्तित्व में आया। इस साल के विश्व पर्यटन दिवस का विषय है- दीर्घकालिक पर्यटन - विकास का जरिया।विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर वर्ष 2015-16 के लिए पुरस्कार प्रदान करते हुए राष्ट्रपति ने आज नई दिल्ली में कहा कि पर्यटन से रोजगार के ज्यादा अवसर पैदा होते हैं।वर्ष 2016 के दौरान भारत में इस उद्योग का जीडीपी को कुल 9.6 प्रतिशत तथा कुल रोजगार को 9.3 प्रतिशत योगदान था।
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत की स्थाई सदस्यता के समर्थन में अमरीकी प्रतिनिधि सभा में प्रस्ताव पेश किया
अमरीका के दो प्रभावशाली डेमोक्रेट सांसदों ने भारत को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की स्थायी सदस्यता दिलाने के लिए संसद के निचले सदन प्रतिनिधिसभा में एक प्रस्ताव पेश किया है। सांसद ऐमी बेरा और फ्रैंक पैलोन की ओर से पेश किए गए इस प्रस्ताव को सरकारी प्रस्ताव के रूप में मान्यता प्राप्त होगी। विदेश मामलों की संसदीय समिति के सदस्य ऐमी बेरा, अमरीकी संसद में सबसे लंबे समय से भारतीयों का प्रतिनिधित्व करते रहे हैं। उन्होने कहा कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत को स्थायी सदस्य का दर्जा मिलने से दुनिया भर में लोकतंत्र को मजबूती मिलेगी।
अमरीका ने उत्तर कोरिया के खिलाफ नये आर्थिक प्रतिबंध लगाए। कई देशों में इसके बैंकों और अधिकारियों को काली सूची में डाला
अमरीका ने उत्तर कोरिया पर और दबाव बढ़ाते हुए वहां के आठ बैंकों और 26 बैंक अधिकारियों पर प्रतिबंध लगा दिया है। इस प्रतिबंध से अमरीका में संबंधित कंपनियों और व्यक्तियों की संपत्तियों और हितों पर रोक लग जाएगी। अमेरिका ने कई देशों में इसके बैंकों और अधिकारियों को काली सूची में डाला है।अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने उत्तर कोरिया को चेतावनी देते हुए कहा है कि अमरीका अगर उत्तर कोरिया के बैलिस्टिक और परमाणु हथियार कार्यक्रम से निपटने के लिए सेना के विकल्प का इस्तेमाल करता है तो इससे भारी तबाही हो सकती है।
सऊदी अरब ने देश में पहली बार महिलाओं को वाहन चलाने का आदेश जारी किया
सऊदी अरब के शाह सलमान ने देश में पहली बार महिलाओं को वाहन चलाने का आदेश जारी किया है। सउदी प्रेस एजेंसी की खबरों में बताया है कि सरकार के मंत्री इस बारे में 30 दिन के अंदर रिपोर्ट तैयार करेंगे और यह आदेश अगले वर्ष जून से लागू होगा। सऊदी अरब विश्व का एकमात्र देश है जहां महिलाओं के वाहन चलाने पर प्रतिबंध है।
भारत करेगा दक्षिण एशियाई मुक्केबाजी चैम्पियनशिप का पहली बार आयोजन
दक्षिण एशियाई मुक्केबाजी चैम्पियनशिप पहली बार भारत में आयोजित की जाएगी। यह प्रतियोगिता गुवाहाटी में 6 से 10 दिसंबर तक होगी। भारतीय मुक्केबाजी संघ ने अपनी कार्यकारिणी की बैठक के बाद कल बताया कि भारत जनवरी के तीसरे सप्ताह में नई दिल्ली में \.इंडिया इंटरनेशनल ओपन टूर्नामेंट\. की मेजबानी करेगा। इस चैम्पियनशिप में पाकिस्तान, अफगानिस्तान, श्रीलंका और बांगलादेश सहित सार्क के अन्य देश हिस्सा लेंगे। टूर्नामेंट में शीर्ष देशों के खिलाड़ियों के अलावा उज्बेकिस्तान, कजाख्स्तान और यूक्रेन भी अपनी चुनौती पेश करेंगे।
