जयराम ठाकुर ने ली CM पद की शपथ, पीएम मोदी भी रहे मौजूद
पहली बार मंडी के विधायक जयराम ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली और इस शपथ ग्रहण कार्यक्रम में पीएम मोदी भी पहली बार मौजूद रहे। शिमला के रिज मैदान पर हो रहे शपथ ग्रहण कार्यक्रम में राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने जयराम ठाकुर को पद और गोपनीयता की शपथ दिलवाई।
PPF समेत छोटी बचत योजनाओं पर अब मिलेगा कम ब्याज
सरकार ने आज छोटी बचत योजनाओं पर ब्याज दरों में कटौती की घोषणा की है। इसमें नेशनल सेविंग सर्टिफिकेट और पीपीएफ शामिल है। इन योजनाओं पर 0.2 फीसद की कटौती जनवरी से मार्च की अवधि तक के लिए की गई है, जो कि बीती तिमाही पर भी लागू होगी। यह कदम बैंकों को जमा दरों को कम करने की गुंजाइश देगा।हालांकि पांच वर्ष की अवधि वाली सीनियर सिटीजन स्कीम पर मिलने वाली ब्याज दर (8.3 फीसद) को नहीं बदला गया है।
साध्वी-पुरोहित से मकोका हटा, कोई आरोप नहीं
2008 के मालेगांव ब्लास्ट मामले में साध्वी प्रज्ञा और कर्नल पुरोहित पर मकोका हटा लिया गया है. दोनों पर अब यूएपीए और आईपीसी के तहत मुकदमा चलेगा.यह फ़ैसला मुंबई की एनआईए कोर्ट ने सुनाया.
इस मामले में ग्यारह अभियुक्तों पर 2010 में मकोका (महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण क़ानून) लगाया गया था जिनमें से श्याम साहू, शिवनारायण और प्रवीण तकालकी को अदालत ने बरी कर दिया.
लोकसभा ने, राज्यों को मुआवजे से संबंधित जी एस टी संशोधन विधेयक 2017 पारित किया।
लोकसभा ने विपक्षी कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस के शोरगुल के बीच राज्यों को जी एस टी से संबंधित मुआवजा संशोधन विधेयक-2017 पारित कर दिया है। यह कानून इस वर्ष सितम्बर में जारी अध्यादेश का स्थान लेगा। इस विधेयक में पान मसाला, कोयला, गैस-मिश्रित पेय तथा तम्बाकू जैसी वस्तुओं पर जी एस टी मुआवजा उप-कर की दर की अधिसूचना जारी करने के लिए केंद्र सरकार को अनुमति का प्रावधान है।
संसद ने भारतीय वन संशोधन विधेयक 2017 और भारतीय पेट्रोलियम तथा ऊर्जा संस्थान विधेयक पारित किया।
संसद ने भारतीय वन संशोधन विधेयक-2017 पारित कर दिया है। इसे आज राज्यसभा ने मंजरी दे दी। लोकसभा इसे पहले ही पारित कर चुकी है। यह 23 नवम्बर को राष्ट्रपति द्वारा जारी अध्यादेश का स्थान लेगा। विधेयक में गैर-वन क्षेत्र में लगाए गए बांस को वृक्ष की श्रेणी से अलग रखा गया है और इसकी कटाई तथा ढुलाई के लिए परमिट की आवश्यकता नहीं होगी।
