लोकसभा में मुस्लिम महिला विवाह संरक्षण अधिकार विधेयक पारित। विधेयक में तीन तलाक को अवैध और दंडनीय अपराध बनाने का प्रावधान।
विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने संसद में, कुलभूषण जाधव के साथ मुलाकात के दौरान उनकी मां और पत्नी को अपमानित करने के लिए पाकिस्तान की कड़ी आलोचना की।
विदेशमंत्री सुषमा स्वराज ने इस्लामाबाद में कुलभूषण जाधव और उनकी मां तथा पत्नी के साथ मुलाकात के दौरान अशिष्ट और आपत्तिजनक व्यवहार के लिए पाकिस्तान की आलोचना की है।
विदेशमंत्री ने कहा कि इस मुलाकात से आपसी संबंधों की बेहतरी की दिशा में एक कदम आगे बढ़ा जा सकता था, लेकिन यह गंभीर चिंता का विषय है कि मुलाकात कराने के बारे में दोनों देशों के बीच परस्पर बनी सहमति से हटकर काम किया गया। श्रीमती स्वराज ने श्री जाधव के परिवार के सदस्यों को अपनी मातृभाषा में बोलने की अनुमति नहीं देने के लिए भी पाकिस्तान की आलोचना की। श्रीमती स्वराज ने कहा कि परिवार के सदस्यों ने उन्हें बताया कि श्री जाधव तनाव में थे।
विदेश मंत्री ने कहा कि पाकिस्तान के अधिकारियों को कोई भी शरारतपूर्ण रवैया अपनाने के खिलाफ कल ही चेतावनी दे दी गई थी।
भारत ने स्वदेश में विकसित उन्नत सुपरसोनिक इंटरसेप्टर मिसाइल का आज सफल परीक्षण किया।
भारत ने स्वदेश में विकसित उन्नत किस्म की सुपरसोनिक इंटरसेप्टर मिसाइल का आज ओडिशा का चांदीपुर स्थित एकीकृत परीक्षण केंद्र से सफल परीक्षण किया। यह मिसाइल बहुत कम उंचाई पर आने वाली शत्रु की किसी भी बैलिस्टिक मिसाइल को मार्ग में ही मार गिराने में सक्षम है।
निर्वाचन आयोग ने लोकसभा की तीन और राजस्थान तथा पश्चिम बंगाल विधानसभा की दो सीटों के लिए उपचुनाव की घोषणा की।
निर्वाचन आयोग ने आज तीन संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों के लिए उपचुनाव कराए जाने की घोषणा की है। राजस्थान में अलवर और अजमेर तथा पश्चिम बंगाल में उलुबेरिया निर्वाचन क्षेत्रों में अगले महीने की 29 तारीख को उप चुनाव कराए जाएंगे।
राजस्थान में मंडलगढ और पश्चिम बंगाल में नौपारा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए भी इसी दिन उपचुनाव कराए जाएंगे।
पाकिस्तान और श्री लंका ने अपनी समुद्री क्षेत्र में कथित रूप से मछली पकड़ने के आरोप में पकड़े गए भारतीय मछुआरोंको रिहा किया।
पाकिस्तान ने आज एक सौ 45 भारतीय मछुआरों को रिहा कर दिया। इन्हें कथित रूप से पाकिस्तान के जल क्षेत्र में मछली पकड़ते हुए गिरफ्तार किया गया था।
रीलंका की सरकार ने भी वहां के समुद्र में चोरी-छुपे मछली पकड़ने के आरोप में गिरफ्तार किए गए उनहत्तर मछुआरों को रिहा करने का आदेश दिया है। इन्हें अगले कुछ दिनों में भारत भेजा जाएगा।
अफगानिस्तान में काबुल में शिया सांस्कृतिक केन्द्र पर आत्मघाती हमले में 17 मीडिया कर्मियों सहित 41 लोग मारे गए।
अफगानिस्तान में राजधानी काबुल में शियाओं के एक सांस्कृतिक केंद्र पर आत्मघाती हमले में 17 मीडियाकर्मियों सहित 41 लोग मारे गए हैं और 50 अन्य घायल हुए हैं। गृह मंत्रालय के उप प्रवक्ता नसरत रहीमी ने बताया कि हताहत लोगों में महिलाएं और विद्यार्थी भी शामिल हैं। आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट ने हमले की जिम्मेदारी ली है।
राष्ट्रपति अशरफ गनी ने एक बयान में इस हमले की निंदा करते हुए, इसे मानवता के खिलाफ अपराध बताया है।
