दक्षिण अफ्रीका की डेमी-ले बनीं मिस यूनिवर्स
नवंबर 27,2017दक्षिण अफ्रीका की डेमी-ले-नेल-पीटर्स ने मिस यूनिवर्स 2017 का ख़िताब जीत लिया है.अमेरिका के लॉस वेगास में रविवार रात को हुई इस प्रतियोगिता में दुनियाभर की क़रीब 92 सुंदरियों ने हिस्सा लिया था.डेमी-ले 66वीं मिस यूनिवर्स चुनी गई हैं. इस प्रतियोगिता के फाइनल में दक्षिण अफ्रीका, जमैका और कोलंबिया की उम्मीदवार पहुंची थीं.फ़र्स्‍ट रनर-अप मिस कोलंबिया रहीं और मिस जमैका तीसरे पायदान पर चुनी गईं.डेमी-ले के पास नॉर्थ वेस्ट यूनि​वर्सिटी से बिज़नस एडमिनिस्ट्रेशन की डिग्री है. मिस यूनिवर्स वेबसाइट के मुताबिक डेमी-ले की सबसे बड़ी प्रेरणा उनकी सौतेली बहन हैं जो विकलांग हैं.
भारत की तरफ से 21 साल की श्रद्धा शशिधर ने इस प्रतियोगिता में भाग लिया था. लेकिन, वह शीर्ष 16 से पहले ही बाहर हो गईं. बीते 66 सालों में अब तक भारत से दो ही सुंदरियां ये खिताब जीत सकी हैं. साल 1994 में 18 साल की उम्र में सुष्मिता सेन और साल 2000 में 22 साल की उम्र में लारा दत्ता ने ये उपलब्धि हासिल की थी.
जी-20 शेरपा बने शक्तिकांत दास
सरकार ने वित्त मंत्रालय के आर्थिक कार्य विभाग के पूर्व सचिव और वरिष्ठ नौकरशाह शक्तिकांत दास को जी-20 में वार्ता के लिए भारत का शेरपा नियुक्त किया है। दास इस पद पर 31 दिसंबर 2018 तक रहेंगे।जी-20 में शेरपा के रूप में दास \.डवलपमेंट ट्रैक\. यानी विकास संबंधी वार्ताओं में देश का पक्ष रखेंगे। जी-20 में दरअसल फाइनेंस ट्रैक और डवलपमेंट ट्रैक की बातचीत होती है। फाइनेंस ट्रैक की वार्ताओं में वित्त मंत्रालय के आर्थिक कार्य विभाग के सचिव की अहम भूमिका होती है जबकि डवलपमेंट ट्रैक का जिम्मा एक शेरपा के पास होता है। आर्थिक कार्य विभाग इस संबंध में शेरपा को पूरी मदद मुहैया कराएगा।दास इसी साल वित्त मंत्रालय के आर्थिक कार्य विभाग में सचिव पद से सेवानिवृत्त हुए थे।
भारत और रूस ने आतंकवाद और मादक पदार्थों की समस्‍या से निपटने में सहयोग के समझौतों पर हस्‍ताक्षर किए
भारत और रूस आतंकवाद से लड़ाई में एक दूसरे को मदद करने पर सहमत हुए हैं। आज रूस की राजधानी मास्‍को में विस्‍तृत बातचीत के बाद गृहमंत्री राजनाथ सिंह और रूस के आंतरिक मामलों के मंत्री ब्‍लादिमीर कोल्‍कोल्‍सेव ने इस समझौते पर हस्‍ताक्षर किए। दोनों रणनीतिक सहयोगियों ने कहा कि आतंकवाद अच्‍छा या बुरा नहीं होता, आतंकवाद, आतंकवाद है। भारतीय और रूसी प्रतिनिधियों ने मादक पदार्थों से उत्‍पन्‍न खतरों से निपटने के लिए संयुक्‍त कार्य योजना पर भी हस्‍ताक्षर किए।
अक्टूबर महीने में हुआ 83346 करोड़ रुपए रहा टैक्स कलेक्शन
अक्टूबर महीने में टैक्स कलेक्शन लगभग 10 फीसद की गिरावट के साथ 83,346 करोड़ रुपए रहा है। कई वस्तुओं पर जीएसटी दर कम किए जाने और नई व्यवस्था को अपनाने में आ रही शुरुआती दिक्कतों के चलते यह गिरावट आई है। वित्त मंत्रालय की ओर से जारी किए गए बयान के मुताबिक अक्टूबर महीने में 50.1 लाख व्यवसायियों ने जीएसटी रिटर्न भरा जिससे 83,346 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। इससे पिछले महीने 92,000 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ था1 जुलाई 2017 को वस्तु एवं सेवा कर को पूरे देश में लागू कर दिया गया था जिसमें 1200 से अधिक वस्तुओं और 500 से अधिक सेवाओं पर कर की दरों का निर्धारण किया गया था।
ईरान के आमिर सरखोश को मात देकर 18वीं बार विश्व चैंपियन बने पंकज आडवाणी
भारत के शीर्ष क्यू खिलाड़ी पंकज आडवाणी ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए आईबीएसएफ विश्व स्नूकर चैंपियनशिप के फाइनल में ईरान के आमिर सरखोश को हराकर एक और विश्व खिताब अपने नाम किया.फाइनल मुकाबले में आडवाणी ने 8-2 से जीत दर्ज करके अपना 18वां विश्व खिताब जीता.इससे पहले आडवाणी ने कड़े सेमीफाइनल में ऑस्ट्रिया के युवा खिलाड़ी फ्लोरियन नूबल को 7-4 से हराया था.
भारत ने श्रीलंका को एक पारी और 239 रन से हराकर नागपुर क्रिकेट टैस्‍ट मैच जीता। अश्‍विन ने लिए सबसे तेज तीन सौ विकेट
नागपुर में आज भारत ने श्रीलंका को दूसरे क्रिकेट टेस्ट मैच में एक पारी और 239 रन से हराकर तीन मैचों की श्रृंखला में एक-शून्य की बढ़त ले ली है। पारी की हार से बचने के लिए 405 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेहमान टीम आज चौथे दिन सिर्फ 166 रन बनाकर आउट हो गई। श्रीलंका की दूसरी पारी में चार विकेट लेकर आर. अश्विन ने टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेजी से 300 विकेट पूरा करने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।
विराट कोहली को श्रीलंका के खिलाफ 10 दिसम्बर से शुरू हो रही तीन एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैचों की श्रृंखला से आराम दिया गया है। उनकी जगह रोहित शर्मा एकदिवसीय श्रृंखला के दौरान भारतीय टीम के कप्तान होंगे।