आगामी विधानसभा चुनाव में मतदान पुष्टि पर्ची प्रणाली इस्तेमाल करने वाला गुजरात देश का पहला प्रमुख राज्य होगा।
गुजरात, विधानसभा चुनाव में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन के साथ मतदान पुष्टि पर्ची मशीन वीवीपीएटी का उपयोग करने वाला देश का पहला प्रमुख राज्य होगा। राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी और प्रधान सचिव बी.बी. स्वेन ने कल गांधीनगर में इसकी घोषणा की। उन्होंने बताया कि पूरे राज्य में विधानसभा चुनाव में पहली बार सभी 50 हजार 128 केंद्रों में मतदान पुष्टि मशीनें लगाई जाएगी। श्री स्वेन ने बताया कि वीवीपीएटी मशीन में वोट के सत्यापन में सात सैकेंड लगते हैं। इसलिए निर्वाचन आयोग के समक्ष मतदान करने का समय बढ़ाने का अनुरोध किया जाएगा।
सरकार ने वस्तु और सेवाकर लागू होने से पहले पैकेज हुए पुराने माल की बिक्री की अवधि तीन महीने बढ़ाकर 31दिसम्बर की।
सरकार ने वस्तु और सेवाकर लागू होने से पहले पुराने सामान की बिक्री की अवधि तीन महीने बढ़ाकर 31 दिसम्बर कर दी है। वित्त मंत्री अरूण जेटली ने कहा है कि पिछले दो-तीन वर्षों में कर प्रशासन में पारदर्शिता, सुधार और कार्यकुशलता लाने के लिए कई कदम उठाए हैं।श्री जेटली ने कहा कि ढाई लाख से पांच लाख रुपये की व्यक्तिगत आय वालों के लिए कर की दर दस प्रतिशत से घटाकर पांच प्रतिशत की गई है जो दुनिया में सबसे कम है। उन्होंने कहा कि पांच लाख रुपये तक की गैर व्यापारिक आय वालों के लिए पहली बार विशेष छानबीन न करने की प्रक्रिया अमल में लाई गई है जिससे अधिक से अधिक लोग कर के दायरे में आए। वित्त मंत्री ने कहा कि पचास करोड़ रुपये तक के वार्षिक कारोबार वाली कंपनियों के लिए कार्पोरेट कर घटाकर पच्चीस प्रतिशत किया गया है।
भारत और नॉर्वे ले मध्य स्वस्थ्य क्षेत्र में भागीदारी पर सहमति
भारत और नॉर्वे ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में भागीदारी पहल के माध्यम से तीन साल के लिये द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाया है। यह वर्ष 2018 से शुरू होगा। केन्द्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने नॉर्वे के विदेश मंत्रालय के साथ इस आशय के सहमति पत्र पर नई दिल्ली में हस्ताक्षर किये हैं। यह सहयोग दोनों देशों के साझा व्यक्तित्व स्वास्थ्य के मुद्दों पर केन्द्रित होगा। इस भागीदारी में प्रजनन, मातृत्व, नवजात शिशु, बच्चे और किशोरों के स्वास्थ्य सहित स्वास्थ्य प्रणाली को मजबूत करने जैसे क्षेत्रों को शामिल किया जाएगा। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार सतत विकास के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य नीति 2017 की रूपरेखा के अनुरूप दोनों देशों के बीच सहयोग जारी रहेगा। इस भागीदारी पहल में अब जम्मू और कश्मीर को भी शामिल किया गया है। बिहार, ओडिशा, मध्य प्रदेश और राजस्थान इसमें पहले से ही शामिल हैं।
राष्ट्रपति रामनाथ जिबूती और इथोपिया की यात्रा पर जाएंगे
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 3 अक्टूबर से चार दिन की यात्रा पर जिबूती और इथोपिया जाएंगे। राष्ट्रपति बनने के बाद यह उनकी पहली विदेश यात्रा है। दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंध स्थापित होने के बाद राष्ट्रपति पहली बार जिबूती के दौरे पर जा रहे हैं।
भारत में शिशु मृत्यु दर में 8 प्रतिशत तक कम आई
भारत में वर्ष 2016 में शिशु मृत्यु दर में आठ प्रतिशत की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। हाल में जारी आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2015 में एक हजार बच्चों में से 37 के मुकाबले 2016 में यह दर घटकर 34 के स्तर पर आ गयी। भारत में जन्मे कुल बच्चों की संख्या में भी उल्लेखनीय कमी आई है और यह पहली बार घटकर ढाई करोड़ के स्तर से नीचे आई। वर्ष 2016 में नवजात शिशुओं की मृत्यु दर आठ लाख चार हजार घटी है।
क्रिस वरे FBI निदेशक नियुक्त
क्रिस वरे को एक समारोह में एफबीआई का निदेशक नियुक्त कर दिया गया लेकिन इस समारोह में उनके नियोक्ता अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की अनुपस्थिति गौरतलब थी। एफबीआई मुख्यालय में कल आयोजित यह कार्यक्रम महज एक औपचारिकता थी क्योंकि वह इस पद का कार्यभार पिछले दो महीने से संभाल रहे हैं। वरे से पहले एफबीआई के निदेशक रहे जेम्स कोमे और रॉबर्ट मुलर भी इस कार्यक्रम में उपस्थिति नहीं थे। व्हाइट हाउस से संबंधित जांच के बीच किसी भी असुविधाजनक स्थिति से बचने के लिए ऐसा हुआ। एफबीआई निदेशक की नियुक्त 10 साल के लिए होती है। मुलर की नियुक्ति साल 2011 में सितंबर में हुए हमले से पहले हुई थी। इन्होंने 12 साल तक सेवा दी थी लेकिन कोमे को चौथे साल में ही पद से हटा दिया गया।
भारत की अंडर 16 फुटबॉल टीम ने ए.एफ.सी. चैम्पियनशिप में जगह बनाई
भारत की अंडर 16 फुटबॉल टीम ने अगले साल मलेशिया में होने वाली ए.एफ.सी. चैम्पियनशिप में जगह बना ली है। भारत की टीम काठमांडू में खेले गए अपने ग्रुप क्वालीफाइंग मुकाबलों में दूसरे स्थान पर रही। भारत ग्रुप डी में इराक, फिलिस्तिन और नेपाल के साथ शामिल था। भारतीय टीम ने तीन मैचों में एक जीत और दो ड्रॉ के साथ कुल पांच अंक हासिल किए।
