वस्‍तु और सेवा कर परिषद् ने 29 वस्‍तुओं और सेवाओं की 53 श्रेणियों पर कर में कमी की। नई दरें 25 जनवरी से लागू होंगी


वस्‍तु और सेवाकर परिषद ने 29 वस्‍तुओं और 53 श्रेणी की सेवाओं पर जी एस टी दर घटाकर इसके निचले स्‍तर पर कर दिया है। नई दर 25 जनवरी से लागू होगी। सिलाई सेवाओं पर जी एस टी दर 18 प्रतिशत से घटाकर पांच प्रतिशत कर दी गई है तथा थीम पार्को, जल पार्को, आनन्‍द सवारी, मनोरंजन, नृत्‍य-नाटक पर जी एस टी दर घटाकर 18 प्रतिशत कर दी गई है। मेट्रो तथा मोनो रेल परियोजनाओं के निर्माण पर जी एस टी दर 18 से घटाकर 12 प्रतिशत कर दी गई है।

इसके अलावा चमड़े की वस्‍तुओं तथा जूतों के निर्माण के लिए जॉब वर्क सेवा की दर में कमी कर 5 प्रतिशत कर दी गई है। पेट्रोलियम उत्‍पादों और कच्‍चे तेल के परिवहन पर जी एस टी दर 18 से घटाकर पांच प्रतिशत कर दी गई है। लेकिन इसमें इनपुट टैक्‍स क्रेडिट नहीं मिलेगा। हालांकि इसका लाभ लेने पर  कर दर 12 प्रतिशत होगी। सामान्‍य प्रदूषण उपचार संयंत्र सेवाओं पर जी एस टी दर घटाकर 12 प्रतिशत की गई है। जीएसटी परिषद ने फीफा अंडर 20 विश्‍वकप की सेवाओं और उसको दी जाने वाली सेवाओं को कर से छूट दी है।

निर्वाचन आयोग ने त्रिपुरा, मेघालय और नागालैंड में विधानसभा चुनावों की घोषणा की


निर्वाचन आयोग ने आज तीन राज्‍यों त्रिपुरा, मेघालय और नगालैंड विधानसभा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। नई दिल्‍ली में मुख्‍य निर्वाचन आयुक्‍त अचल कुमार जोति ने कहा कि त्रिपुरा में 18 फरवरी तथा मेघालय और नगालैंड में 27 फरवरी को चुनाव कराये जाएंगे। तीनों राज्‍यों में मतगणना तीन मार्च को होगी।त्रिपुरा चुनाव की अधिसूचना 24 जनवरी तथा मेघालय और नगालैंड चुनाव की अधिसूचना 31 जनवरी को जारी की जाएगी।

भारत ने देश में विकसित बैलेस्टिक मिसाइल अग्नि-5 का  सफलता पूर्वक परीक्षण किया


भारत ने सतह से सतह पर मार करने वाली लंबी दूरी की बैलेस्टिक मिसाइल अग्नि-5 का ओडीसा तट से सफल परीक्षण किया है। देश में ही निर्मित इस अत्‍याधुनिक अग्नि-5 मिसाइल का निर्माण रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन ने किया है।ठोस ईंधन से संचालित तीन चरणों की ये मिसाइल पांच हजार किलोमीटर तक मार कर सकती है। इससे एक टन से अधिक वजन के परमाणु हथियार ले जा सकते हैं।


विश्‍व स्‍तरीय रक्षा प्रदर्शनी 2018 चेन्‍नई में 11 से 14 अप्रैल तक आयोजित होगी


इस वर्ष विश्‍वस्‍तरीय रक्षा प्रदर्शनी चेन्‍नई के पास महा‍बलिपुरम में 11 से 14 अप्रैल तक आयोजित की जाएगी। प्रदर्शनी में 80 देश भाग लेंगे।रक्षा क्षेत्र में आत्‍मनिर्भरता बढ़ाने के लिए मेन इन इंडिया पहल के तहत सरकार स्‍वदेशी रक्षा उपकरणों को बढ़ावा दे रही है।

राष्‍ट्रीय वीरता पुरस्‍कार 2017 के लिए 7 लड़कियों सहित 18 बच्‍चों का चयन


राष्‍ट्रीय वीरता पुरस्‍कार 2017 के लिए सात बालिकाओं सहित अठारह बच्‍चों को चुना गया है। तीन बच्चों को वीरता पुरस्‍कार मरणोपरांत दिए जाएंगे। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी 24 जनवरी को इन बहादुर बच्‍चों को पुरस्‍कार प्रदान करेंगे। यह बच्‍चे इस वर्ष गणतंत्र दिवस परेड़ में भी शामिल होंगे। राष्‍ट्रपति रामनाथ कोविंद इन बच्‍चों के सम्‍मान में भोज का आयोजन करेंगे।

भारतीय क्रिकेट कप्‍तान विराट कोहली को इस वर्ष का सर्वश्रेष्‍ठ क्रिकेटर चुना गया


कोहली को वर्ष का सर्वश्रेष्‍ठ क्रिकेटर चुना गया। उन्‍हें दूसरी बार यह पुरस्‍कार मिला है। उन्‍होंने एकदिवसीय खिलाड़ी के लिए भी शीर्ष सम्मान हासिल किया। विराट कोहली को आई सी सी की वर्ष की टेस्ट और एकदिवसीय टीम का कप्तान भी चुना गया। विराट आई सी सी टेस्‍ट क्रिकेट रैंकिंग में 900 अंक की रेटिंग छूने वाले सुनील गावस्‍कर के बाद दूसरे भारतीय बल्‍लेबाज बन गए हैं।


अगर आपको हमारी ऐप अच्छी लगी तो कृपया होम पेज से RATE बटन दबाकर, गूगल प्ले स्टोर में जाकर हमें पाँच स्टार दें , हम ऐसे ही आपकी सफलता में सहयोग करते रहेंगे,